बंगाल में बदलाव की लहर, दिल्ली जैसा हो सकता है हाल: अग्निमित्रा पॉल

Summary :

तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की बात दोहराई है। इस पर भाजपा की प्रदेश महासचिव अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि अभिषेक बनर्जी को पता है कि दिल्ली में केजरीवाल के साथ जो हुआ, वह यहां भी हो सकता है। अभिषेक बनर्जी ने कहा था कि दीदी (ममता बनर्जी) ने पहले ही बता दिया है कि हम 2026 चुनाव अकेले लड़ेंगे। साल 2021 में भी हमने अकेले ही लड़ा था। उससे पहले 2016 विधानसभा और 2019 तथा 2014 (लोकसभा) में भी हमने अकेले लड़ा था और पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया था।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि अभिषेक बनर्जी कभी-कभी सही बात करते हैं। उन्होंने आज भी जो कहा, वह सब सही है। जब जनता किसी को हटाना चाहती है, तो वह हटा देती है। वे लोग कहते हैं कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, लेकिन भ्रष्टाचार उनकी आधारशिला है। अब जनता को फैसला लेने में समय नहीं लगेगा। अभिषेक बनर्जी को भी पता है कि दिल्ली में केजरीवाल के साथ जो हुआ, वही यहां भी होगा। बंगाल में तृणमूल के अकेले चुनाव लड़ने और जीतने वाले ममता के बयान पर अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “यह बंगाल की जनता तय करेगी। अभी बंगाल की जनता बदलाव चाहती है। बंगाल में जिस भी जाति और धर्म के लोग रहते हैं, वे शांति और विकास चाहते हैं। हम ऐसा नहीं चाहते कि हमारे बच्चे पढ़ाई पूरी करने के बाद दूसरे राज्यों में जाएं। हम शांति और विकास चाहते हैं। बंगाल और भारत के लोगों की आकांक्षाएं बहुत छोटी हैं, अगर वे पूरी नहीं हुईं तो लोग सत्ता से बाहर कर देंगे।”

उल्लेखनीय है कि दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार और कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद सबकी नजरें बंगाल के चुनाव पर हैं। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बंगाल चुनाव अकेले लड़ने का ऐलान कर दिया है। उनके इस ऐलान के बाद विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ब्लॉक के भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.