नई दिल्ली : दिल्ली में कांग्रेस-आप का गठबंधन अभी तक नहीं हुआ है, लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंत मार्ग स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय जरूर पहुंच गए। दरअसल केजरीवाल सरकार के दावे और हकीकत को लेकर केन्द्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया था। इसके लिए प्रेस कक्ष में मंच के पीछे लगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पोस्टर के ऊपर अरविंद केजरीवाल का बैनर लगा दिया गया।
ये बात वहां मौजूद मीडियाकर्मियों से लेकर प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों में से किसी को भी हजम नहीं हो रही थी।प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को सरकारी स्कूलों में फेल हो रहे बच्चों, शिक्षकों के खाली पदों, स्कूल की इमारतें बनाने के नाम पर केजरीवाल सरकार के दावों की पोल खोलने के लिए ‘हैशटैग केजरीवाल ब्लफ्स’ की शुरुआत की गई। इस दौरान संवाददाता सम्मेलन शुरू होने से पूर्व मंच पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बैनर के ऊपर अरविंद केजरीवाल का पोस्टर लगा दिया गया।
इसे देखकर कुछ समय के लिए लग रहा था कि मानो वह प्रदेश भाजपा कार्यालाय न होकर आम आदमी पार्टी का कार्यालय है। केजरीवाल के बैनर को देखकर वहां मौजूद मीडियाकर्मी और पार्टी के पदाधिकारियों में संवाददाता सम्मेलन से ज्यादा केजरीवाल के बैनर को लेकर उत्सुकता बनी हुई थी।
हुआ भी कुछ यूं ही, संवाददाता सम्मेलन खत्म होने के बाद प्रदेश भाजपा की मीडिया टीम के सदस्य भी एक-दूसरे को देखकर बगले झांक रहे थे कि अरे ये बैनर किसने लगवा दिया और यहां कैसे लगा दिया, हमें तो पता ही नहीं लगा। खैर केन्द्रीय राज्य मंत्री के आयोजन की वजह से शायद किसी के टोकने की हिम्मत न हुई हो, लेकिन जाने-अनजाने में धुर विरोधी अरविंद केजरीवाल को भाजपा कार्यालय में उपस्थिति तो मिल ही गई।


Download Android App
Download iOS App



