नई दिल्ली : असली दिल्ली कच्ची कॉलोनियों में बसती है, झुग्गी-बस्ती में बसती है और छोटे-छोटे गांवों में गलियों में बसती है। यह कहना है दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविन्द केजरीवाल का। अपने चुनाव-प्रचार अभियान के दौरान चांदनी चौक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों से पूछता हूं तो बताते हैं कि शीला दीक्षित ने फ्लाईओवर बनाए हैं लेकिन कुछ लोगों ने कहा कि हमारे घर के सामने वाली सड़क टूटी पड़ी है, उसकी किसी ने सुध नहीं ली।
उन्होंने कहा कि हमनें चार साल में इतना काम किया कि भाजपा-कांग्रेस वालों ने 70 सालों में नहीं किया। केजरीवाल ने कहा कि वे दिल्ली भर में घूम रहे हैं, साथ खड़े होकर दिल्ली की सड़कें और गलियां बनवायी हैं। दिल्ली में एक साथ दस हजार गलियां बन रही हैं। सरकारी अस्पतालों की व्यवस्था के बारे में उन्होंने कहा कि दिल्ली में दो प्रकार के अस्पताल हैं एक मोदी जी के और दूसरे आपकी की सरकार के। किसी भी अस्पताल में जाओ और इलाज के पैसे लगते हैं तो समझ जाएं मोदी जी का अस्पताल है।
अगर किसी अस्पताल में ऑपरेशन, दवाई, इलाज पैसे नहीं लगे तो समझ जाना दिल्ली सरकार का अस्पताल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में बिजली सबसे सस्ती है। इतनी सस्ती बिजली देश या दुनिया में कहीं भी नहीं हैं। उन्होंने लोगों से पूर्णराज्य का समर्थन मांगते हुए कहा कि अगर दिल्ली पूर्णराज्य बनेगी, तो दिल्ली के हर परिवार को अपना घर दिलाएंगे और हर कच्चे कर्मचारी को पक्का कराएंगे। उन्होंने कहा कि कॉलेजों में दिल्ली के बच्चों को 85 प्रतिशत आरक्षण दिलाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



