नई दिल्ली : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी ने मंगलवार को कई कार्यक्रमों में जनता से जुड़कर उनकी समस्याएं जानी और सार्वजनिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में शिरकत की। तिवारी ने कहा कि सामाजिक जागरूकता के बिना दिल्ली का विकास असंभव है और समाज के सशक्तिकरण के लिए धार्मिक आयोजन जरूरी हैं। हनुमान मंदिर पार्क ढाई पुस्ता सोनिया विहार एवं रघुवर पैलेस पहला पुस्ता सोनिया विहार में राम कथा में भजन प्रस्तुत कर उन्होंने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
न्यू सभापुर गुजरान पश्चिमी करावल नगर में पूर्वांचल समाज के लोगों के बीच पहुंचे मनोज तिवारी का विजय पार्क में आयोजित श्याम महोत्सव में श्याम भक्तों ने जोरदार स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में एक ही स्थान पर समाज के बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते हैं, जहां न सिर्फ उन्हें अपनी संस्कृति और परंपरा की सीख मिलती है।
साथ ही आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा भी मिलती है। अधिक से अधिक धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करना चाहिए। धार्मिक कार्यक्रमों से समाज की एकजुटता को बल मिलता है, जो सामाजिक सशक्तिकरण के लिए जरूरी है।


Download Android App
Download iOS App



