IMD ने दिल्ली में जारी किया येलो अलर्ट, अगले दो दिनों में हीटवेव की चेतावनी

Summary :

राजस्थान और दिल्ली में भीषण गर्मी, IMD की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले दो दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें हीटवेव की चेतावनी दी गई है। दिल्ली के अलावा गुजरात में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा के 21 शहरों में भी लू चलने की संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया, जिसमें अगले दो दिनों में तापमान में वृद्धि और हीटवेव की स्थिति की भविष्यवाणी की गई है। दिल्ली के साथ ही गुजरात के लिए आज रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 8 से 10 अप्रैल तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार, कल का उच्चतम तापमान सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र के कांडला में 44 डिग्री सेल्सियस था। पांच राज्यों के लगभग 21 शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है।

राज्यों में बढ़ेगी गर्मी

आईएमडी के अनुसार, 7 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है। 7-10 अप्रैल के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब; 7 और 8 अप्रैल को दिल्ली; 7-9 अप्रैल के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश; 8-10 अप्रैल के दौरान मध्य प्रदेश; 7-9 अप्रैल के दौरान गुजरात राज्य और कोंकण और गोवा के तटीय इलाकों में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की संभावना है।

भीषण गर्मी पड़ने की संभावना

आईएमडी ने दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा के 21 शहरों में आगे भी लू चलने की भविष्यवाणी की है। बिहार और उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में भी भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है।वहीं राजस्थान के बाड़मेर में गर्मी ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। राजस्थान में 7 और 8 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 9 और 10 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने कहा कि राजस्थान में 7-10 अप्रैल के दौरान लू चलने की संभावना है, जबकि 7-9 अप्रैल के दौरान अलग-अलग इलाकों में भीषण लू चल सकती है।

दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक

वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 9 बजे तक दिल्ली के विभिन्न जिलों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) आनंद विहार 292, चांदनी चौक 198, आईटीओ 209, नजफगढ़ 165, ओखला फेज 2 293, आरके पुरम 221, पटपड़गंज 252, वजीरपुर 260 रहा।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।