PM Modi ने दिल्ली की महिलाओं से झूठ बोला : Atishi

Summary :

महिला समृद्धि योजना पर आतिशी का हमला

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली कैबिनेट ने महिलाओं के लिए महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी है। महिला समृद्धि योजना को कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली की पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष आतिशी की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने वादा किया था कि 8 मार्च को महिलाओं के खाते में पैसे आएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “पीएम मोदी ने दिल्ली चुनाव से पहले दिल्ली की महिलाओं से यह वादा किया था कि 8 मार्च से सभी महिलाओं के खाते में ढाई हजार रुपए की राशि पहुंच जाएगी। उन्होंने तो यह भी कहा था कि फोन नंबर को अपने खाते से लिंक करा लो, 8 मार्च को मैसेज आएगा कि आपके खाते में ढाई हजार रुपए पहुंच गए हैं, मगर ऐसा नहीं हुआ। 8 मार्च को न तो पैसे आए और न ही महिलाओं का रजिस्ट्रेशन हुआ, बल्कि चार मंत्रियों की कमेटी मिली है।”

Col. Ponung Doming: दुनिया की सबसे ऊंची सीमा टास्क फोर्स की पहली महिला कमांडर

उन्होंने कहा, “सब जानते हैं कि इस देश में किसी भी योजना को ठंडे बस्ते में डालने का तरीका होता है कि कमेटी बना दो। सालों तक कमेटी बैठी रहेगी, लेकिन महिलाओं के खाते में पैसे नहीं आएंगे। यह साबित हो गया है कि पीएम मोदी ने दिल्ली की महिलाओं को झूठ बोला और उनका वादा धोखा निकला। आज के बाद दिल्ली के लोग और देश भर के लोग पीएम मोदी की गारंटी पर भरोसा नहीं करने वाले हैं, क्योंकि उन्हें पता चल गया है कि चुनाव से पहले पीएम मोदी बड़ी-बड़ी गारंटी देते हैं और उसके बाद धोखा देते हैं।”

आतिशी ने चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले से पहले टीम इंडिया को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा, "मैं भारतीय टीम को शुभकामनाएं देती हूं और उम्मीद करती हूं कि हम ट्रॉफी जरूर जीतेंगे।"

दिल्ली कैबिनेट ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में शनिवार को महिला समृद्धि योजना को मंजूरी दे दी है। योजना के तहत अब महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की सम्मान राशि मिलेगी। इस साल के लिए 5,100 करोड़ रुपए अलॉट किए गए हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.