करोना के कारण पिछले 3 वर्षों से किसी भी ब्रांच में जाना नहीं हो पा रहा था, परन्तु मन तो बहुत कर रहा था कि अपने सदस्यों को मिलूं, उनके चेहरे की खुशियां पढ़ूं, महसूस करूं क्योंकि सभी वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब के सदस्य दिल से प्यार करते हैं और इज्जत करते हैं जो खून के रिश्तों से भी आगे हैं।
इस बार कोशिश है जितनी गर्मी की छुट्टियों से पहले ब्रांचों में जा सकूं, जाऊं तो सबसे पहले मुझे फरीदाबाद ब्रांच में जाने का अवसर प्राप्त हुआ। जहां जटवानी जी और कथूरिया जी की देखरेख में ब्रांच चल रही है। क्या नजारा था, क्या उत्साह था। हर सदस्य अपना टैलेंट दिखा रहा था। आदरणीय त्रिखा जी ने गजल और मेरा नाम जोकर के गाने पर हमेशा लोगों को हंसाने वाले मनोहर पुनियानी, यूएसए से आईं फरीदाबाद की सदस्य दविन्द्र कौर और गुड्डी तथा उनकी सहेलियों का जोश देखने वाला था। कैंथ जी ने बहुत अच्छी कॉमेडी की और सारे प्रोग्राम को बहुत अच्छे से
सम्भाले रखा।
माडल टाउन ब्रांच जिसकी मंजू लाल और बीनू चौहान हैड हैं, परन्तु इनका साथ कपिला जी, वीना गुप्ता, शशि ग्रोवर, लक्ष्मी खन्ना, रेखा ग्रोवर लक्ष्मण जी और बहुत से लोग साथ देते हैं, बहुत अच्छा प्रोग्राम था और बहुत ही अच्छा टीम वर्क दिख रहा था। हर प्रोग्राम में अपने परिवार के सदस्यों को लेकर जा रही हूं, वो बहुत खुश हो रही हैं और बहुत से आशीर्वाद ले रही हैं।
फिर आई बारी पंजाबी बाग ब्रांच की, यहां भी टीम वर्क है। किरण मदान के सफल निर्देशन में बहुत ही अच्छी ब्रांच चल रही है। क्योंकि हर ब्रांच की सफलता उनके ब्रांच हैड की सफलता है, जो अच्छे से सभी सदस्यों को बड़े प्यार से हैंडल करते हैं, खुशियां बांटते हैं। ब्रांच के सदस्यों की उपस्थिति बताती है कि ब्रांच हैड कितने सफल हैं। किरण मदान का साथ पूरा निभाती हैं। उनका दाहिना बायां हाथ रूबी खुराना और करुणा गोयल कमाल की मेहनती महिलाएं हैं। उनके काम देखकर भी उनसे प्यार आता है और मन में उनकी इज्जत बढ़ती है।
अब बारी है 29 अप्रैल को गुडग़ांव ब्रांच में जाने की। अगली बार उसका विवरण लिखूंगी। 7 मई को हर साल की तरह महामृत्युंज्य मंत्र का जाप सिटी पार्क होटल में शंकर साहनी द्वारा होगा, जो अपने सभी सदस्यों की मंगल कामना और स्वास्थ्य के लिए होगा। जो बेड पर हैं उनके लिए भी होगा। द्य


Download Android App
Download iOS App



