जम्मू कश्मीर के जम्मू क्षेत्र में पिछले कुछ हफ्तों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का दो सदस्यीय दल कोविड-19 पर नियंत्रण के उपायों की समीक्षा के लिये शनिवार को विभिन्न अस्पतालों का दौरा किया । अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी ।
दल के सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों के साथ कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की ।
इस दो सदस्यीय दल की अगुवाई राष्ट्रीय राजधानी स्थित राष्ट्रीय रोग नियंत्रक केंद्र (एनसीडीसी) के निदेशक एस के सिंह कर रहे थे । उनके साथ इस दल में संयुक्त निदेशक तानजिन मौजूद थे ।
सिंह ने कहा कि मुलाकात के दौरान जो मुद्दे उठाये गये हैं उनका हमने संज्ञान लिया है और इसे हम केंद्र सरकार के पास रखेंगे ताकि महामारी का नियंत्रण सुनिश्चित हो सके ।
उन्होंने बताया, ‘हमने मौजूदा स्थिति पर तथा पिछले एक महीने में मृत्यु दर पर चर्चा की है, इसके अलावा आक्सीजन की उपलब्धता, गहन चिकित्सा कक्ष में बिस्तरों की संख्या और मरीजों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं पर भी चर्चा हुयी है।
जम्मू कश्मीर में शनिवार को 1492 नये मामले सामने आये जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़ कर 62,533 हो गयी है । इसके अलावा 21 लोगों की मौत होने के साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में मरने वालों का आंकड़ा 987 पर चला गया है । मरने वालों में जम्मू क्षेत्र में 223 तथा कश्मीर घाटी में 764 लोग शामिल हैं ।


Download Android App
Download iOS App



