भविष्य की करेंसी पर भारत का होगा कंट्रोल

भविष्य

तारीख 1 फरवरी 2026। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जब संसद में बजट का पिटारा खोल रही थीं तो पूरी दुनिया की नजरें टीवी स्क्रीन्स पर चिपकी थीं लेकिन यह बजट सिर्फ आमदनी और खर्च का हिसाब-किताब नहीं था। यह भारत का एक ऐसा ‘वॉर डिक्लेरेशन’ था जिसकी गूंज बीजिंग से लेकर वाशिंगटन तक सुनाई दी है। इसे सिर्फ एक आर्थिक दस्तावेज समझना सबसे बड़ी बेवकूफी होगी। इसे भारत की जियोपॉलिटिकल सर्जिकल स्ट्राइक कहना ज्यादा मुफीद होगा।

आज हम जिस दौर में जी रहे हैं, वहां तेल अब पुरानी खबर हो चुका है। “डेटा नया तेल है”, यह भी अब घिसा-पिटा डायलॉग हो गया है। असली खेल अब क्रिटिकल मिनरल्स, रेयर अर्थ एलिमेंट्स और सेमीकंडक्टर्स का है। जिसे हम और आप मामूली पत्थर या रेत समझते हैं, असल में वही 21वीं सदी का सोना है और 2026 के इस बजट में मोदी सरकार ने साफ कर दिया है कि भारत अब इस सोने का खरीदार नहीं, बल्कि सौदागर बनेगा।

मामला बड़ा पेचीदा है। इसे समझने के लिए थोड़ा फ्लैशबैक में चलते हैं। आज हमारे हाथ में मौजूद स्मार्टफोन हो, सड़क पर दौड़ती इलेक्ट्रिक कार हो, सीमा पर तैनात हमारी मिसाइलें हों, फाइटर जेट का गाइडेंस सिस्टम हो, या फिर विंड टरबाइन के मैग्नेट-इन सबमें रेयर अर्थ एलिमेंट्स लगते हैं। और कड़वा सच यह है कि पिछले तीन दशकों से चीन ने इस मार्केट को अपनी जागीर बना रखा था लेकिन 1 फरवरी 2026 को भारत ने कह दिया है, “बस, अब और नहीं!” बजट में जो सबसे बड़ी बात सामने आई, वह है डेडिकेटेड रेयर अर्थ कॉरिडोर और सेमीकंडक्टर मिशन 2.0। यह कोई हवा-हवाई बात नहीं है।

सरकार ने अपनी तिजोरी का मुंह खोल दिया है, ताकि हम चीन की गुलामी से आजाद हो सकें। सरकार ने कस्टम ड्यूटी में भारी कटौती की है अब जरा इस खेल के सबसे बड़े खिलाड़ी की बात करते हैं जो अब तक पर्दे के पीछे था, वह है हमारा राजस्थान। वीरों की भूमि राजस्थान! अब तक हम राजस्थान को सिर्फ पर्यटन, किले और रेगिस्तान के लिए जानते आए हैं लेकिन बजट 2026 ने राजस्थान की तकदीर का पन्ना पलट दिया है। यहां की चट्टानों में ऐसे रेयर अर्थ छिपे हैं जो दुनिया में बहुत कम जगहों पर मिलते हैं। तटीय इलाकों में जो रेयर अर्थ मिलता है, वो रेत में होता है लेकिन राजस्थान में यह ठोस चट्टानों में है।

बजट में इसी एडवांस टेक्नोलॉजी और एक्सप्लोरेशन के लिए भारी-भरकम छूट दी गई है। इसका मतलब है कि नागौर और आस-पास के क्षेत्रों में अब बड़ी-बड़ी रिफाइनरीज खड़ी होंगी। नागौर के डेगाना क्षेत्र में तो पहले ही लिथियम और अन्य क्रिटिकल मिनरल्स के संकेत मिल चुके हैं। चूंकि राजस्थान पहले से ही सोलर एनर्जी का किंग है, अब वहां बैटरी बनाने की फैक्ट्रियां भी लगेंगी। यानी बिजली भी वहीं बनेगी और उसे स्टोर करने वाली बैटरी भी। सोचिए, अब राजस्थान में किस कदर नौकरियों की बाढ़ आने वाली है।

अब नजर घुमाते हैं देश के बाकी हिस्सों पर, क्योंकि यह लड़ाई अकेले राजस्थान नहीं लड़ सकता। यह टीम इंडिया का गेम है। बजट ने दक्षिण और पूर्वी भारत के राज्यों – केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और ओडिशा को एक रणनीतिक कवच में बदल दिया है। सरकार ने इन चार राज्यों में डेडिकेटेड रेयर अर्थ कॉरिडोर बनाने का ऐलान किया है। यह कोई सड़क वाला कॉरिडोर नहीं है, यह एक पूरा इंडस्ट्रियल क्लस्टर है। केरल और तमिलनाडु के पास समुद्र तट पर मोनाजाइट रेत का खजाना है। बजट में 7,280 करोड़ रुपये की रेयर अर्थ परमानेंट मैग्नेट स्कीम (REPM) को हरी झंडी दिखाई गई है।

इसका मकसद कच्ची मिट्टी नहीं, बल्कि फिनिश्ड प्रोडक्ट बेचना है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश को तो सरकार ने ईवी और मैग्नेट हब बनाने की ठान ली है। रेयर अर्थ से जो परमानेंट मैग्नेट बनते हैं, वो इलेक्ट्रिक मोटर का दिल होते हैं। अब तक हम ये चुंबक चीन से मंगाते थे। बजट का प्लान यह है कि तमिलनाडु की फैक्ट्रियों में ये चुंबक बनें और वहीं बगल में बन रही इलेक्ट्रिक कारों में फिट हो जाएं। सप्लाई चेन का ऐसा इंटीग्रेशन चीन की नींद उड़ाने के लिए काफी है और गुजरात तो सेमीकंडक्टर का हब बनने जा रहा है। बजट में वित्त मंत्री ने इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 (ISM 2.0) का ऐलान किया है।

पहले मिशन में हमने दुनिया को दिखाया कि हम फैब लगा सकते हैं, अब मिशन 2.0 में हम दिखाएंगे कि हम टेक्नोलॉजी ईजाद भी कर सकते हैं। ISM 2.0 के लिए शुरुआती 1,000 करोड़ रुपये अलग से रख दिए गए हैं। सानंद में माइक्रोन का प्लांट फरवरी 2026 के अंत तक पूरी तरह उत्पादन शुरू करने जा रहा है। यह भारत का पहला बड़ा कमर्शियल चिप पैकेजिंग प्लांट है। धोलेरा में टाटा का जो प्लांट आ रहा है, वो तो गेम चेंजर है ही। बजट 2026 ने इस आग में घी डालने का काम किया है। इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (ECMS) का बजट बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसका मतलब है कि मोबाइल और लैपटॉप का हर छोटा-बड़ा पुर्जा अब मेड इन इंडिया होगा।

अब असली बात पर आते हैं कि आखिर मोदी सरकार इतना आक्रामक क्यों हो रही है? तो मोदी सरकार के लिये यह विशुद्ध रूप से देश की सुरक्षा का मामला है। सरकार की सोच एकदम साफ है-“स्ट्रैटेजिक ऑटोनॉमी”। मतलब, अपनी शर्तों पर जीना। आज के दौर में अगर आपके पास सेमीकंडक्टर और रेयर अर्थ नहीं हैं, तो आपकी आधुनिक सेना अपाहिज है। हमारे तेजस फाइटर जेट, ब्रह्मोस मिसाइलें, न्यूक्लियर सबमरीन, सैटेलाइट्स और ड्रोन, इन सबमें हाई-ग्रेड चिप्स और रेयर अर्थ मैग्नेट लगते हैं। सरकार चीन को पछाड़ कर ‘इंडिया फर्स्ट’ की रणनीति ला रही है। इन सबके लिए हमें लिथियम, कोबाल्ट, निकेल और रेयर अर्थ चाहिए। मोदी सरकार आज जो बीज बो रही है, उसका फल आने वाली पीढ़ियां खाएंगी।

यह भविष्य की करेंसी को अपने कंट्रोल में लेने की तैयारी है। सरकार ने अपना काम कर दिया है – रास्ता दिखा दिया है, पैसा दे दिया है और नियम आसान कर दिए हैं। अब बारी हमारी इंडस्ट्री और हमारे युवाओं की है कि वे इस मौके को लपक लें। याद रखिए, दुनिया बदल रही है। जो देश आज अपनी सप्लाई चेन सुरक्षित कर लेगा, कल वही दुनिया पर राज करेगा। भारत ने अपनी कमर कस ली है। चीन को टक्कर देने के लिए हम मैदान में उतर चुके हैं। यह खनिजों का युद्ध है और इस बार भारत जीतने के लिए खेल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।