भारत की संसदीय प्रणाली के लोकतन्त्र में विधायिका और न्यायपालिका के बीच जिस प्रकार के शक्ति व अधिकार सम्बन्धों को हमारे संविधान निर्माताओं ने स्थापित किया उसमें देश के मतदाताओं द्वारा अपने एक वोट की ताकत से चुने गये जन प्रतिनिधियों को सम्बन्धित सदनों में पहुंचने पर सर्वाधिकार से संरक्षित तो किया गया परन्तु इन सदनों के संविधान के अनुसार संचालन की शर्त को भी सर्वोपरि रखा गया। इस व्यवस्था में चुने हुए सदनों को स्वयंभू तो बनाया गया मगर संविधान द्वारा प्रदत्त प्रत्येक सदस्य के नागरिक अधिकारों को भी संरक्षित किया गया और प्रत्येक के साथ न्याय को भी सुनिश्चित किया गया। चुने हुए सदनों को चलाने के लिए सदस्यों के बीच से ही उसका अध्यक्ष चुनने की प्रणाली स्थापित की गई और सदन के भीतर इसकी कार्यवाही बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के निष्पक्ष रूप से चलाने के लिए उसे अधिकृत किया गया। इस बारे में चुने हुए सदनों में पहुंचे प्रत्येक सदस्य को बराबर के अधिकार व विशेषाधिकार दिये गये चाहे वह सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का।
संसदीय प्रणाली में सरकार का गठन वही पार्टी या पार्टियों का गठबन्धन करता है जिसके पास बहुमत होता है जिससे अल्पमत में बचे हुए सदस्यों का पार्टीगत समूह विपक्ष कहलाता है। सदन के अध्यक्ष को यह अधिकार दिया गया कि सदन द्वारा बनाये गये नियमों के अनुसार वह विपक्ष के उस सदस्य को नेता प्रतिपक्ष घोषित करे जिसे उसकी पार्टी के अध्यक्ष ने प्राधिकृत किया हो। परन्तु सदन में पहुंचे किसी एक पार्टी के सदस्यों के बीच जब विभाजन हो जाता है और मूल पार्टी से बागी हुए गुट का नेता पार्टी के अधिसंख्य सदस्यों को लेकर अपने समूह का नया पार्टी नामकरण करके सबसे बड़ी पार्टी होने की वजह से विपक्ष का नेता बनने का दावा ठोक देता है तो सदन के अध्यक्ष को क्या करना चाहिए? जबकि मूल पार्टी के अध्यक्ष ने विपक्ष का नेता बनने के लिए अपने किसी अन्य सदस्य को प्राधिकृत किया हो? ठीक यही मामला प. बंगाल विधानसभा में पिछले मई महीने में घटा था और सुश्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के चुनाव निशान पर चुने हुए 78 विधायकों में सदन में पहुंचने पर विभाजन हो गया था। 78 में से लगभग 56 विधायकों ने अपनी मूल पार्टी से विद्रोह करके अपना अलग दल बना लिया था और उसका नाम लोकतान्त्रिक तृणमूल कांग्रेस रख लिया था। इस गुट ने विधायक श्री ऋतब्रत बनर्जी को अपना नेता चुनकर अध्यक्ष के समक्ष सदन में सबसे बड़ा विरोधी गुट होने की वजह से विपक्ष के नेता पद पर अपना दावा ठोक दिया था जबकि मूल तृणमूल पार्टी की अध्यक्ष सुश्री ममता बनर्जी ने अपने एक अन्य विधायक श्री शोभन देव चट्टोपाध्याय को विपक्ष का नेता बनने के लिए अध्यक्ष को आधिकारिक पत्र लिखा था। मगर अध्यक्ष श्री रतिन्द्र बोस ने बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष के नेता के रूप में मान्यता दे दी थी।
अध्यक्ष के इस फैसले को कलकत्ता उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई और उच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति कृष्ण राव की एक सदस्यीय पीठ ने इस मामले पर लम्बी सुनवाई करने के बाद फैसला दिया है कि अध्यक्ष का फैसला कानूनी रूप से वैध नहीं है। उन्होंने लोकतान्त्रिक तृणमूल कांग्रेस द्वारा सदन में नियुक्त अपने मुख्य सचेतक श्री अखरुज्जमा की नियुक्ति को भी अवैध करार दिया है और अध्य़क्ष को निर्देश दिया है कि वह दस दिनों के भीतर इस पूरे मामले पर पुनर्विचार करें। इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण यह है कि मई महीने में विधानसभा के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ममता बनर्जी की पार्टी के 294 सदस्यीय विधानसभा में केवल 78 विधायक ही जीते थे और भारतीय जनता पार्टी को दो सौ से अधिक सीटें मिली थीं। अतः विपक्ष के नेता पद पर मूल तृणमूल कांग्रेस पार्टी का ही अधिकार था। चुनाव परिणाम घोषित होने के तुरन्त बाद पार्टी की अध्यक्ष होने के नाते ममता दी ने अध्यक्ष को पत्र लिख दिया था कि उनकी पार्टी की ओर से श्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय को विपक्ष का नेता बनाया जाये। मगर बाद में जून का महीना शुरू होते-होते तृणमूल कांग्रेस से विद्रोह करके 56 के लगभग विधायकों ने अपना अलग समूह बना लिया और उसका नाम लोकतान्त्रिक तृणमूल कांग्रेस रख दिया। इस समूह ने अपना नेता विधायक श्री ऋतब्रत बनर्जी को चुना और अध्यक्ष को 3 जून को पत्र लिख दिया कि श्री ऋतब्रत को विपक्ष में सबसे बड़े गुट का नेता होने की वजह से नेता प्रतिपक्ष बनाया जाये। इस मामले में कई कानूनी पेंच फंसे हुए थे।
पहला तो यह कि सदन के भीतर तृणमूल कांग्रेस में विद्रोह होने के बावजूद सुश्री ममता बनर्जी चुनाव आयोग द्वारा मान्यता प्राप्त अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष थीं अतः सदन के भीतर अपनी पार्टी के टिकट पर चुन कर आये विधायकों के बारे में किया गया उनका फैसला ही वैधानिक था और जब ममता दी ने अध्यक्ष को पत्र लिखा तो पार्टी के विधायकों ने बगावत नहीं की थी। अतः श्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय के पक्ष में सभी पार्टी विधायक माने जायेंगे। अतः उच्च न्यायालय ने अपने फैसले में स्पष्ट कहा है कि अध्यक्ष किसी भी राजनीतिक दल के सदस्य हो सकते हैं लेकिन संवैधानिक दायित्व निभाते हुए उन्हें निष्पक्ष रहना होगा और नेता प्रतिपक्ष व मुख्य सचेतक की नियुक्ति में केवल विधायकों की संख्या नहीं बल्कि सम्बन्धित राजनीतिक दल के फैसले को भी ध्यान में रखना जरूरी होता है।
यहां यह भी महत्वपूर्ण है कि भारत में प्रत्येक राजनीतिक दल अपने बनाये गये संविधान व नियम कायदों पर चलता है जिनका वास्ता सदन में चुनकर पहुंचे सदस्यों से भी होता है। जहां तक दल-बदल कानून का सम्बन्ध है तो उसमें भी पार्टी की सकल राय बहुत मायने रखती है। अतः उच्च न्यायलय ने किसी भी सदन में चुने जाने वाले नेता प्रतिपक्ष के लिए नियम-कायदों के पालन की व्याख्या करके लोकतन्त्र को पारदर्शी बनाया है।
प. बंगाल में नेता प्रतिपक्ष
Summary :
भारत की संसदीय प्रणाली के लोकतन्त्र में विधायिका और न्यायपालिका के बीच जिस प्रकार के शक्ति व अधिकार सम्बन्धों को हमारे संविधान निर्माताओं ने स्थापित किया उसमें देश के मतदाताओं द्वारा अपने एक वोट की ताकत से चुने गये जन प्रतिनिधियों को सम्बन्धित सदनों में पहुंचने पर सर्वाधिकार से संरक्षित तो किया गया परन्तु इन सदनों के संविधान के अनुसार संचालन की शर्त को भी सर्वोपरि रखा गया। इस व्यवस्था में चुने हुए सदनों को स्वयंभू तो बनाया गया मगर संविधान द्वारा प्रदत्त प्रत्येक सदस्य के नागरिक अधिकारों को भी संरक्षित किया गया और प्रत्येक के साथ न्याय को भी…


Download Android App
Download iOS App



