हिसार: हिसार जिले के उकलाना में रेप के बाद हत्या की शिकार बनी मासूम बच्ची का नेताओं, अधिकारियों व हजारों की संख्या में मौजूद लोगों के बीच 24 घंटे बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। प्रशासन व संघर्ष समिति के बीच सहमति बनी और बच्ची को दफनाया गया । इस दौरान मौजूद लोग न्याय की मांग करते नजर आये और हत्यारे दरिंदे को पकड़े जाने पर फांसी देने की मांग करते हुए नारे लगाते रहे। अतिरिक्त उपायुक्त अमरजीत मान, उप मंडल अधिकारी हिसार व बरवाला, पुलिस उपाधीक्षक जयपाल सिंह सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आश्वासन दिया। उसके बाद बच्ची के पार्थिक शरीर को अंतिम विदाई देने के लिए ले जाया गया और उकलाना के श्मशान घाट में दफनाया।
वहीं शव यात्रा में गुडय़िा अमर रहे हत्यारों को फांसी देने के नारों से उकलाना गूंज उठा और हर तरफ लोगों द्वारा न्याय की मांग की गई। अंतिम यात्रा में जहां सैकड़ों लोग शामिल हुए वहीं सत्ता व विपक्ष के अनेक नेता भी श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे अंतिम विदाई के मौके पर राज्य बाल संरक्षण अधिकार आयोग की अध्यक्ष ज्योति बैंदा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, हरियाणा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, हरियाणा विमुक्त जाति के चेयरमैन डॉक्टर बलवान सिंह, विधायक अनूप धानक, पूर्व विधायक नरेश सेलवाल, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस एसी विभाग की सचिव कुसुम सेलवाल, कामरेड मियां सिंह, कर्मचारी नेता राय साहब दहिया सहित सहित सैकड़ों लोगों ने पुष्प अर्पित करते हुए दिवंगत पार्थिव शरीर को मिट्टी देने के बाद आत्मिक शांति लिए प्रार्थना भी की। सरकार की तरफ से भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला अंतिम संस्कार में पहुंचे।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं मानवता के लिए कलंक होती है, यह काफी निंदनीय है। उन्होंने कहा कि वह सरकार की तरफ से परिजनों और हरियाणा के प्रत्येक नागरिक को विश्वास दिलाना दिलाते हैं कि पुलिस की तरफ से तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में पहले ही एसआईटी का गठन कर दिया है। कुछ लोगों से इस घटना में एसआईटी ने पूछताछ भी की है। इसके बाद भी अगर किसी और जांच एजेंसी की आवश्यकता पड़ी तो सरकार इससे भी पीछे नहीं हटेगी। इलाकावासियों का कहना है कि शनिवार को सुबह 7:00 बजे पुलिस को घटना की जानकारी दी गई थी और सवा 7:00 बजे पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और तुरंत कार्रवाई भी शुरू कर दी गई थी। लोगों का गुस्सा पोस्टमार्टम के बाद भड़का।
आरोप है कि पोस्टमार्टम के बाद प्रशासन ने बच्ची के कफन का इंतजाम नहीं किया। दो मीटर कफऩ के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा इससे लोगों में भारी गुस्सा भड़क गया। कफन के मामले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था यदि ऐसा है तो परिजनों और यहां मौजूद लोगों से बात की जाएगी जहां भी लापरवाही लापरवाही बरती गई है इसकी जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।
– राज पराशर


Download Android App
Download iOS App



