ईनाम राशि विवाद पर खेल मंत्री विज का बड़ा बयान, खिलाडि़यों को दी ये सलाह

Summary :

खेल मंत्री अनिल विज ने खिलाड़ियों के सम्मान पर उठे हंगामे में विपक्ष पर हमला बोलने के साथ खिलाड़ियों को अपनी सलाह दी।

पानीपत : खेल मंत्री अनिल विज ने खिलाड़ियों के सम्मान पर उठे हंगामे में विपक्ष पर हमला बोलने के साथ खिलाड़ियों को अपनी सलाह दी। साथ ही उन्‍होंनेे विपक्ष को भी आड़े हाथों लिया है। उन्‍होंने कहा कि पूर्व सरकार ने तो खेल प्रोत्‍साहन पर कोई ध्‍यान नहीं दिया,  इसलिए उन्‍हें बयानबाजी करने का हक नहीं। 
विज ने ये बातें पानीपत में प्रेसवार्ता के दौरान कहीं। विज ने कहा कि खिलाड़ियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। भाजपा सरकार ने हमेशा उनके हितों की बात की है और आगे भी करते रहेंगे। उन्‍होंने कहा अगर खिलाडि़यों को इनाम पर संदेह है तो वे विभाग में इसको लिखकर दें। वे इसकी जांच कराएंगे। मंत्री विज ने कहा कि खिलाड़ियों के सम्मान में विपक्ष को बोलने का कोई हक नहीं है। 
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा एशियार्ड गेम्स में पदक विजेता खिलाड़ियों को इनाम दिए बिना ही भाग गए थे। उन्होंने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम की पैरोल पर कहा कि कोई भी आरोपित क्रिमिनल एक्ट में पैरोल की अपील कर सकता है। राम रहीम ने भी इसकी मांग की है। सरकार ने संबंधित विभागों से इसकी रिपोर्ट ली है। संबंधित विभाग के अधिकारी ही इस पर फैसला लेंगे।
सीएमओ को डॉक्‍टर नियुक्‍त करने की पॉवरःउन्होंने कहा, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी के सवाल पर कहा कि सीएमओ को कांट्रेक्ट पर डॉक्टर नियुक्त करने की पावर है। एमबीबीएस डॉक्टर को एक लाख और स्पेशलिस्ट को सवा लाख रुपये महीना मानदेय दिया जाएगा।

Desk Team