चंडीगढ़ : जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाए जाने पर हरियाणा कांग्रेस में भी घमासान मच गया है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदम के समर्थन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके पुत्र दीपेंद्र हुड्डा एक बार फिर मुखर हुए हैं। दोनों नेताओं ने शुक्रवार को कहा कि वे इस संबंध में अपने पहले के स्टैंड पर कायम हैं। इससे अनुच्छेद 370 को हटाने का विरोध कर रही कांग्रेस के लिए परेशानी खड़ी हो गई है।
दूसरी ओर, हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा है कि अनुच्छेद 370 के मामले पर कांग्रेस में कोई मतभेद नहीं है। इसके साथ ही राज्य में हिसार सहित कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के इस कदम का स्वागत किया।
हिसार में तो पार्टी के पदाधिकारी अनुच्छेद 370 के मामले में राहुल गांधी के बयान के विरोध में धरना भी दिया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व विधायक कुलदीप बिश्नोई ने भी ट्वीट कर अनुच्छेद हटाने के फैसले को देश हित में बताया था।
मैं अपने स्टेड पर कायम
शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का फैसला स्वागत योग्य है। उन्होंने कहा, मैंने पहले भी अपना रुख इस मामले पर साफ-साफ रखा था और इस पर कायम हूं। मैंने विधानसभा में भी केंद्र सरकार के इस फैसले पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन किया था।
इस मुद्दे पर जन भावनाओं के अनुरूप दीपेंद्र सिंह हुड्डा के बयान से मैं पूरी तरह सहमत हूं। मेरी भी इसी तरह की राय है। कांग्रेस महासचिव और हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी गुलाम नबी आजाद द्वारा अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले का विरोध करने के बारे में पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा मैंने अपनी राय से आपको अवगत करा दिया है। उनकी अलग राय हो सकती है और इस पर मैं कुछ नहीं कह सकता।


Download Android App
Download iOS App



