फिरोजपुर झिरका : आगामी 27 जनवरी को मेवात की राजधानी बड़कली चौक पर होने वाली कांग्रेस की रैली अभी तक के सभी रिकार्ड तोड़ने जा रही है। इस रैली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
इसके अलावा कांग्रेस के दर्जनभर वरिष्ठ नेतागण व पदाधिकारी इस रैली में शामिल होंगे। उक्त बातें हरियाणा विधानसभा के पूर्व डिप्टी आजाद मोहम्मद ने मंगलवार को विधानसभा क्षेत्र के गोकलपुर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहे। पूर्व मंत्री ने कहा कि बड़कली चौकी की जन आक्रोश रैली के माध्यम से प्रदेश सरकार की जड़े हिलाने का काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार अपने चार साल के शासन का झूठा ढिडोरा पीटते नहीं थक रही है जबकि सच्चाई ये है कि इस सरकार ने प्रदेश की जनता के हित में ऐसा कुछ नहीं किया जिसे ऊंगलियों पर भी गिनाया जा सके। 2014 के चुनावों में भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में 154 वादे जनता के समक्ष किए थे लेकिन जब उन्हें पूरा करने की बारी आई तो पल्टी खा गई।
चाहे इसमें बुढ़ापा पेंशन की बात हो या बेरोजगारी भत्ता देने की बात हो। सरकार ने नियम लगाकर लोगों को गुमराह करने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार केवल जुमलेबाजी करने वाली सरकार है। हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों ने सबक सिखाने का काम किया है।
हरियाणा में भी बदलाव की बयार चल चुकी है। आने वाला समय कांग्रेस का है। प्रदेश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों से तंग आ चुकी है। ऐसे में कांग्रेस की यह जनआक्रोश रैली भाजपा को सत्ता से बेदखल करने का काम करेगी। इस मौके पर दर्जनों गांवों के पंच सरपंच व मौजिज लोग उपस्थित थे।
(पुष्पेंद्र शर्मा)


Download Android App
Download iOS App



