कांग्रेस ने हरियाणा निकाय चुनाव के लिए मेनिफेस्टो पर चर्चा की

Summary :

शहरों के विकास पर जोर, कांग्रेस ने की निकाय चुनाव की तैयारी

हरियाणा में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस मेनिफेस्टो कमेटी की मंगलवार को चंडीगढ़ में पहली बैठक हुई। इसमें निकाय चुनाव के मेनिफेस्टो पर चर्चा हुई। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने बताया कि पार्टी प्रदेश के निकाय चुनाव के लिए एक साझा घोषणा पत्र तैयार करेगी। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “हरियाणा में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर आज मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक हुई है, जिसमें शहरों के विकास समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के मुख्य एजेंडे में शहरों के सौंदर्यीकरण, सीवरेज और पीने के पानी समेत आवारा पशुओं तथा कूड़े की समस्या पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा, “प्रदेश में निकाय चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। आज की बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भी कुछ लोग जुड़े थे और कुछ लोगों ने लिखित सुझाव भी दिए हैं। कांग्रेस प्रदेश निकाय चुनाव के लिए एक घोषणा पत्र तैयार कर जल्द ही उसे जारी भी करेगी।

गीता भुक्कल ने हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल विज को भाजपा द्वारा कारण बताओ नोटिस भेजे जाने पर कहा, “अनिल विज भाजपा के सीनियर नेता हैं, वो बेबाक बात रखने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने (अनिल विज) कहा भी था कि मैं मन नहीं बल्कि आत्मा से बोलता हूं, अब उनकी आत्मा से आवाज निकली है तो शायद पार्टी में उन्हें बोलने का अधिकार नहीं है, इसलिए ही उन्हें नोटिस दिया गया है।

उन्होंने आगे कहा, “जब अनिल विज की बात को पार्टी प्लेटफॉर्म पर नहीं सुना गया तो उन्होंने खुलेआम अपनी बात रखी। अनिल विज ने ठीक कहा कहा था कि जब मुख्यमंत्री का उनके विधायकों, मंत्रियों के साथ कोआर्डिनेशन नहीं है, तो इससे प्रदेश की जनता को नुकसान होता है। हरियाणा के भाजपा अध्यक्ष पर भी उन्होंने निशाना साधा। उन्होंने कहा, “जब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर एक गंभीर मामले को लेकर एफआईआर दर्ज हुई थी तो उन्हें अपना इस्तीफा देना चाहिए था।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.