रोहतक : अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश आरपी गोयल की अदालत ने रेप का झूठा केस दर्ज करवाने वाली बास्केटबॉल की महिला खिलाड़ी के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दिये है। अदालत में दुष्कर्म के आरोपी ने जमानत अर्जी लगाई थी, जिसपर सुनवाई के दौरान पूरे मामले का खुलासा हुआ है।
अदालत को पता चला कि बास्केटबॉल खिलाड़ी पहले भी इसी तरह दुष्कर्म के आरोप लगाकर रुपये ऐंठ चुकी है और उसके खिलाफ मामला भी दर्ज है, जो सीजीएम कोर्ट में विचाराधीन है। इसके बाद कोर्ट ने आरोपित की जमानत को मंजूर करते हुए एसपी को आदेश दिए हैं कि महिला खिलाड़ी पर मामला दर्ज कर रिपोर्ट दी जाए। प्राप्त जानकारी के अनुसार मूलरूप से यूपी के एक जिले की रहने वाली बास्केटबॉल की नेशनल खिलाड़ी रोहतक के एक कॉलेज में पढ़ती है।
पिछले माह खिलाड़ी ने महिला थाने में शिकायत दी थी कि उसके संपर्क में कुछ समय पहले झज्जर जिले का रहने वाला कबड्डी खिलाड़ी जयदीप आया, जिसके बाद उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोपित उसे दिल्ली और हरिद्वार के होटल में भी लेकर गया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया। साथ ही पीडिता के मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी दर्ज कराएं गए।
(मनमोहन कथूरिया)


Download Android App
Download iOS App



