नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित हरियाणा में युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए 24 अप्रैल को विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत जींद में साइक्लोथॉन यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें स्वयं मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। हरियाणा विधानसभा सभा के डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिड्ढा ने सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए बताया, 24 अप्रैल को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जींद आ रहे हैं। वो साइक्लोथॉन यात्रा में भाग लेंगे। इसका सबसे बड़ा उद्देश्य नशे को लेकर लोगों में जागरूकता पैदा करना है। जो बच्चे नशे की तरफ बढ़ चुके हैं, उन्हें रोकना है, पूरे हरियाणा में ऐसा मुहिम शुरू किया गया है। अगर किसी परिवार में एक भी बच्चा नशा करता है, तो वह घर बर्बाद हो जाता है। अगर हम अपने मुहिम में सफल हो गए और कुछ व्यक्तियों को नशों से दूर कर पाए तो यह हमारे लिए सौभाग्य की बात होगी।
डिप्टी स्पीकर ने ममता सरकार पर साधा निशाना
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) शासित पश्चिम बंगाल में हिंदू परिवारों के पलायन पर मिड्ढा ने बंगाल सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कुछ ऐसा हल निकालेंगे, जिससे वहां के हिंदुओं को आराम मिलेगा। लेकिन वहां की ममता सरकार ने जो जुल्म किया है, वो शायद हिंदुस्तान में मुगलों ने भी नहीं किया होगा। इससे ज्यादा अशोभनीय और निंदनीय कुछ नहीं हो सकता कि वह हिंदू और मुसलमानों के बीच धार्मिक भेदभाव कर रही हैं और हिंदुओं को मरवाने का काम कर रही हैं।
वक्फ कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि वक्फ (संशोधन) अधिनियम के पास होने के बाद देशभर के कई हिस्सों में इसका विरोध देखने को मिला। इसी संदर्भ में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी शासित पश्चिम बंगाल में भी अधिनियम का विरोध हुआ। लेकिन मुर्शिदाबाद में अधिनियम को लेकर हो रहा विरोध हिंसा का रूप ले लिया, जिसमें तीन लोगों की हत्या हो गई और बड़ी संख्या में हिंदू परिवार पलायन करके अपने ही देश में शिविर में रहने को मजबूर हैं। भाजपा इस हिंसा की जिम्मेदार टीएमसी सरकार को मान रही है।


Download Android App
Download iOS App



