जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) ने लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा से अपने तीन अन्य उम्मीदवारों के नामों की सोमवार को घोषणा की। पार्टी ने सोनीपत से पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के खिलाफ दिग्विजय चौटाला को उतारा है। पार्टी के एक प्रवक्ता ने बताया कि कुरुक्षेत्र से जयभगवान शर्मा और गुड़गांव से महमूद खान को टिकट दिया गया है।
पार्टी का गठन पिछले साल दिसम्बर में दिग्विजय चौटाला के पिता अजय चौटाला ने किया था। जेजेपी हरियाणा में आप के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ रही है। हरियाणा में आम आदमी पार्टी तीन और जेजेपी बाकी सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है। आप ने रविवार को हरियाणा से अपने तीन उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की थी। आप की प्रदेश इकाई के प्रमुख नवीन जयहिंद को फरीदाबाद से टिकट दिया गया है।
कांग्रेस ने 5 और उम्मीदवार किये घोषित, सोनीपत लोकसभा सीट से भूपेन्द्र सिंह हुड्डा को चुनाव मैदान में उतारा
जयहिंद आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी माने जाते हैं। चौटाला परिवार में फूट के कारण इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) से अलग जेजेपी का गठन हुआ था। इनेलो ने अजय चौटाला और उनके बेटों दुष्यंत और दिग्विजय को निष्कासित कर दिया था। जेजेपी अन्य सीटों पर पहले ही उम्मीवारों की घोषणा कर चुकी है।
दुष्यंत चौटाला हिसार सीट से दोबारा मैदान में हैं। दिग्विजय चौटाला को इस साल जनवरी में जींद उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। आप ने उस सीट पर दिग्विजय को समर्थन दिया था। इस सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। लोकसभा चुनाव के लिए हरियाणा में नामंकन दायर करने की आखिरी तारीख 23 अप्रैल है। राज्य में छठे चरण में 12 मई को मतदान होगा।


Download Android App
Download iOS App




