घरौंडा : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि पुलवामा में 40 से अधिक सीआरपीएफ के जवानों की शहादत बेकार नही जाएगी। वे डिंगर माजरा में शहीद बलजीत के परिवार को सांत्वना देने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होने कहा कि ये आत्मघाती आतंकवादी हमला सैनिकों के ऊपर ही नही अपितु पूरे देश के ऊपर हुआ है।
अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस हमले की कड़े शब्दों में निन्दा की है। ऐसी दु:ख की घड़ी में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से सरकार के साथ खडी है और इस घटना की जीतनी निन्दा की जाए उतनी कम है। लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और उनकी पार्टी द्वारा जगह-जगह कैंडल मार्च निकाले गए है और चंडीगढ़ पहुंचने पर उनका भी कैंडल मार्च निकालने का कार्यक्रम है।
उन्होने कहा कि पाकिस्तान को इन हरकतों से बाज आना चाहिये अन्याथा पहले भी पूरे मूल्क व पूरी दूनिया ने देखा है जब-जब इस तरह की विपदा पड़ी है पूरा देश एकजुट होकर एक जगह खड़ा मिला है और देश वासियों ने मजबूती से ऐसी विपदाओं का सामना किया है। एक सवाल के जवाब में अशोक तंवर ने कहा कि सुरक्षा के मामले में जो कमियां नजर आती हैं सरकार आने वाले समय में उनको दुरूस्त करे।
सत्ता पक्ष व विपक्ष को मिलकर ऐसे समय में दुश्मन को करारा जवाब देना चाहिये। उन्होने शहीद बलजीत के बारे में कहा कि उन्हें पता चला है कि शहीद बलजीत एक बहादूर सैनिक था और अनेक इनकाउंटर में शामिल होकर कई आतंकियों को खत्म कर चुका था। शहीद बलजीत का नाम सेना मैडल के लिए भी भेजा हुआ है।
– सुरेन्द्र पांचाल


Download Android App
Download iOS App



