रोहतक : कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि राफेल खरीद घोटाला देश का सबसे बडा घोटाला है। भाजपा सरकार ने इस में तथ्यों को तोड-मरोड कर सुप्रीम कोर्ट में पेश किया है, जिसमें कई झूठी जानकारियां दी गई तथा कई महत्वपूर्ण तथ्य कोर्ट को नहीं बताए गए। जिसके आधार पर कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया है। मामला उजागर होने पर केंद्र सरकार इसे टाइपो एरर बता रही है। राफेल घोटाले का सच देश के सामने लाने के लिए जेपीसी का गठन हो ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कोई नया काम नहीं कर रही है बल्कि पहले से जारी स्कीमों का नाम बदल रही है। सांसद दीपेन्द्र ने कहा कि कर्मचारियों में भारी असन्तोष है। खासकर परिवहन विभाग में स्थिति असामान्य है। विभाग की किलोमीटर स्कीम ने कर्मचारियों को आन्दोलन पर जाने को मजबूर कर दिया, जिससे आम आदमी को भी भारी परेशानी हुई।
मंगलवार को सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा रोहतक पहुंचे और कई कार्यक्रमों में शिरक्त की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार आते ही सहकारी व अन्य बैंकों से कृषि कार्यों के लिए लिये गये ऋण छह घंटे में माफ कर दिये जाएंगे और 12 घंटे में बुढ़ापा पैंशन तीन हजार रूपये मासिक कर दी जाएगी। साथ ही बिजली के बिल घटा कर आधे कर दिये जाएंगे।
इसके अलावा पुरानी पैंशन स्कीम को पुन: लागु कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हुड्डा सरकार के दस साल के शासनकाल में गन्ना उत्पादकों को न केवल उच्चतम भाव दिया बल्कि समय पर गन्ने की पेमैंट सुनिश्चित की। जबकि भाजपा सरकार सीजन 2017-18 का मिलों पर किसानों का सैंकड़ों करोड़ रूपये का बकाया अभी तक नहीं दिला सकी। प्रदेश की भाजपा सरकार को किसान विरोधी करार देते हुये उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई जगह हुई ओलावृष्टि के नुकसान की अभी तक विशेष गिरदावरी नहीं हुई है।
कृषि विभाग कह रहा है कि रिकवरी सम्भव है पर शायद सरकार को नहीं मालूम कि औलों से टूटे सरसों के डंठल की रिकवरी सम्भव नहीं। सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने चुनावी घोषण पत्र में किए गए एक वायदे को पूरा नहीं किया। आज सरकार की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता में सरकार के प्रति भारी आक्रोश है और लोग आगामी चुनाव का इंतजार कर रहे है ताकि वोट की चोट से इस जनविरोधी सरकार को उखाड फैके।
(मनमोहन कथूरिया)


Download Android App
Download iOS App



