मानेसर: आइएमटी मानेसर के सेक्टर आठ स्थित एक कंपनी में मंगलवार सुबह आग लग गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू किया। सेक्टर आठ के प्लॉट नंबर 421 में एक सेफ्टी हेलमेट बनाने की कंपनी चल रही थी। कंपनी की सुरक्षा के लिए लगे गार्ड ने बताया कि सोमवार को अवकाश होने के कारण कर्मचारी कंपनी परिसर नहीं आए और ताला लगा रहा। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे कंपनी से अचानक धुंआ उठता दिखाई दिया। गार्ड ने कंपनी मालिकों और पुलिस और दमकल विभाग में फोन कर सूचना दी। बताया जा रहा है कि कंपनी में आग लगने की बात सुनते ही कंपनी का मालिक भी बीमार हो गया।
सूचना मिलते ही सेक्टर 31, 29 और मानेसर दमकल केंद्र, होंडा और मारुति कंपनी की तरफ से दमकल वाहन मौके पर भेजे गए और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कंपनी की तरफ से पहुंचे अधिकारियों का कहना है कि आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग बेसमेंट तक नहीं पहुंच पाई लेकिन ग्राउंड फ्लोर और अन्य जगह काफी नुकसान हो गया। एएफएसओ एनएस यादव ने का कहना है कि सूचना मिलते ही मौके पर सेक्टर 31, 29 और मानेसर दमकल केंद्र के साथ होंडा कंपनी के दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।
– संदीप यादव


Download Android App
Download iOS App



