गुरुग्राम: हथियारों के बल पर छीना झपटी और लूटपाट करके पुलिस की नींद उड़ाने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल, लूटे गई नकदी, और हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड के बाद अदालत में पेश किया। अदालत ने चारों आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना सेक्टर-9 को शिकायत मिली थी कि चार युवकों ने हथियार के बल पर 22 हजार नकदी और मोटरसाइकिल छीन ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्परता से कार्रवाई करते हुए टीम का गठन किया। पुलिस को सूचना मिली कि हथियारों के दम पर लूटपाट करने वाले चार युवक देवनगर में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बताए गए स्थान पर छापामारी की और चारों युवकों को दबोच लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों की पहचान साबिर उर्फ मुफ्फा निवासी रूपड़ाका, पलवल, चाँद उर्फ ईसराईल निवासी देवीपुर खेसनी, झारखंड और शाकिर उर्फ शाहिर निवासी गांव भज्जावाला, जिला बिजनौर उत्तर प्रदेश तथा रेवाड़ी जिला के गांव गुरावड़ा निवासी बिजेंद्र पुत्र गजराज के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों माननीय अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया और आरोपियों से लूटी गई नकदी और बाइक बरामद किए हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इसके बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया और अदालत ने चारों को जेल भेज दिया।
– सतबीर भारद्वाज


Download Android App
Download iOS App



