चंडीगढ : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया इंचार्ज व केंद्रीय कोर कमेटी के सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के कारण बर्बाद हुई फसलों की स्पेशल गिरदावरी करके 15 दिन में पीड़ित किसानों को मुआवजे का भुगतान करने की मांग की है।
यहाँ जारी एक बयान में सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में बीते दिनों बारिश व ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों तथा अन्य फसलों को 80 प्रतिशत से अधिक का नुकसान हुआ है, लेकिन खट्टर सरकार पूरी तरह से किसानों कि चिंताओं से विमुख होकर निर्दयी व्यवहार कर रही है। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि से नष्ट हुई फसल के साथ ही उस फसल को भी खराब माना जाए जिन फसलों ने गुणवत्ता खो दी है या कम पैदावार होगी।
सुरजेवाला ने कहा कि यह समय गेहूं की कटाई का होता है, लेकिन बारिश व ओलावृष्टि से कटी फसल खेतों में बर्बाद हो गई। कटी फसल पर पानी लगने से गेहूं का दाना काला हो जाता है और वह खाने के लायक नहीं रहता। वहीं खड़ी फसल मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से जमीन पर गिर गई। ऐसे समय मे कुदरत की यह मार किसानों के लिए बिल्कुल ही असहनीय है, जिसे दूर करने के लिए सरकार द्वारा प्रभावी कदम उठाए जाने की जरुरत है।


Download Android App
Download iOS App



