Haryana News : विश्व के विभिन्न देशों के साथ भारत के संसदीय संबंधों को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 60 से अधिक देशों के साथ संसदीय मैत्री समूहों का गठन किया है। इस पहल के अंतर्गत राज्यसभा सांसद सुभाष बराला को ओमान जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल किया गया है। यह हरियाणा प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
Haryana News : द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में काम

संसदीय मैत्री समूहों का उद्देश्य भारतीय सांसदों और विदेशी संसद सदस्यों के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना है, ताकि वे लोकतांत्रिक परंपराओं, विधायी प्रक्रियाओं और जनहितकारी नीतियों से जुड़े अपने अनुभव साझा कर सकें। इस मंच के माध्यम से सांसद एक-दूसरे से सीखेंगे, नियमित संपर्क बनाए रखेंगे और आपसी विश्वास को और प्रगाढ़ करेंगे। इससे न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती मिलेगी, बल्कि आपसी समझ, सहयोग और समन्वय भी बेहतर होगा।
विभिन्न मुद्दों पर चर्चा
ओमान दौरे के दौरान व्यापार और निवेश के अवसरों, तकनीकी सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा, सामाजिक विकास नीतियों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा समकालीन वैश्विक चुनौतियों जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। भारत और ओमान के बीच ऐतिहासिक रूप से सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं, और यह दौरा उन संबंधों को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
संबंधों में आएगी मजबूती
सांसद श्री सुभाष बराला की इस अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल में भागीदारी को उनके संसदीय अनुभव और संगठनात्मक दक्षता की पहचान के रूप में देखा जा रहा है। क्षेत्र के नागरिकों और समर्थकों ने इसे गौरव का क्षण बताते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनकी सक्रिय भूमिका से भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और विकास दृष्टि को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे दोनों देशों के संबंधों में नई मजबूती आएगी।
यह भी पढ़ें – अंबाला में हर्ष साहनी की पहल, पुलिसकर्मियों और पत्रकारों के लिए फ्री हेल्थ चेकअप, 300 से अधिक लोगों को मिला लाभ


Download Android App
Download iOS App




