हरियाणा में महंगा हुआ ‘वीटा’ दूध, मदर डेयरी और अमूल के बाद बढ़े दाम, जानें ताजा रेट

Summary :

आम जनता पर बढ़ती महंगाई का बोझ और बढ़ गया है, क्योंकि अब दूध और उससे बनी चीजें महंगी हो जाएंगी। अमूल, मदर डेयरी और वेरका के बाद, हरियाणा में 'वीटा' ने भी दूध के दाम बढ़ा दिए हैं।

आम जनता को लगातार महंगाई का झटका लगता जा रहा है। अब लोगों के लिए दूध और उससे बनी चीजें खरीदना महंगा हो जाएगा। अमूल, मदर डेयरी और वेरका के बाद अब हरियाणा में ‘वीटा’ ने भी दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। शुक्रवार सुबह से नई दरें लागू हो गई हैं। जिसके मुताबिक, अब फुल क्रीम और स्टैंडर्ड दूध 4 रुपये महंगा होकर 76 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि टोंड और डबल टोंड दूध के दाम 2 रुपये बढ़ाए गए हैं। आइए जानते हैं, जींद वीटा प्लांट की तरफ से जारी की गई नए रेट की लिस्ट।

क्या है दूध की नई कीमतें?

दूध की किस्म पुरानी कीमत (₹/लीटर) नई कीमत (₹/लीटर)
फुल क्रीम दूध 72 76
स्टैंडर्ड दूध 66 70
टोंड दूध 60 62
डबल टोंड दूध 54 56

दाम बढ़ने के पीछे क्या है वजह?

अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा डेयरी फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ. रामअवतार गर्ग ने बताया कि प्लांटों में किसानों से खरीदे जाने वाले दूध की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। आम जनता पर ज्यादा बोझ न पड़े, इसके लिए सरकार सामान्य पशुपालकों को 5 रुपये और स्वयं सहायता समूहों को 10 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी दे रही है।

मदर डेयरी और अमूल ने भी बढ़ाए दाम

इससे पहले 12 नवंबर से मदर डेयरी और अमूल ने भी दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। मदर डेयरी का पैकेट वाला टोंड दूध अब 60 की जगह 62 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। वहीं, फुल क्रीम दूध 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो गया है। अमूल की बात करें, तो टोंड दूध की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। वहीं, फुल क्रीम 4 रुपये प्रति लीटर महंगा कर दिया गया है।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।