रोहतक : हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्षा प्रतिभा सुमन के श्रीनगर कॉलोनी स्थित महिला आश्रम के दौरे से कई बेघर हुई महिलाओं के अपने-अपने घर जाने की उम्मीदे और भी मजबूत हो गई है। महिला आश्रम में विभिन्न राज्यों की रहने वाली 97 महिलाएं मौजूदा समय में रह रही है। अधिकांश महिलाएं दूसरे राज्यों की है और इनमें से बड़ी संख्या उन महिलाओं की है जिनका मानसिक संतुलन ठीक न होने की वजह से उन्हें पुलिस के माध्यम से महिला आश्रम में छोड़ा गया था। महिला आश्रम में रहने वाली इन सभी महिलाओं की देखरेख व खानपान आदि के कार्य का निरीक्षण करने के लिए हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्षा प्रतिभा सुमन शनिवार सुबह आश्रम में पहुंची।
प्रतिभा सुमन ने इन महिलाओं के रहने-सहने, सोने व खान-पान आदि के बारे में आश्रम संचालकों से पूरी जानकारी ली और महिलाओं से सीधी बातचीत करके भी उनका हाल जाना। पूछताछ में आश्रम में रह रही महिलाओं ने बताया कि वे आश्रम में पूरी तरह से सन्तुष्ट है और उन्हें किसी तरह की भी कोई परेशानी नहीं है। पश्चिम बंगाल के शहर सिलीगुड़ी की रहने वाली 32 वर्षीय बिमला ने हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्षा के सामने गुहार लगाते हुए कहा कि उसे उसके घर पर भेजा जाये। इस पर प्रतिभा सुमन ने उक्त महिला से उनके परिवारजनों से फोन पर बातचीत करवाई और उसे आश्वस्त किया कि उसे निश्चित रूप से उसके घर सिलीगुडी भिजवाया जायेगा।
महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलवाने के लिए सरकार कृतसंकल्प : प्रतिभा सुमन
बिमला ने बताया कि वह घरों में काम करने के लिए किसी एजेंट के माध्यम से दिल्ली पहुंची थी और मानसिक संतुलन बिगड़ जाने की वजह से वह गाड़ी में बैठकर रोहतक आ गई थी जहां से पुलिस ने उसे आश्रम में भिजवाया। आश्रम में उक्त महिला का उपचार करवाया गया। अब वह मानसिक रूप से स्वस्थ है और अपने घर व परिवार की जानकारी भी दे रही है। इसी प्रकार से उत्तर प्रदेश व महाराष्ट्र की रहने वाली दो अलग-अलग महिलाओं ने भी अपने घर जाने की गुहार लगाई।
(मनमोहन कथूरिया)


Download Android App
Download iOS App



