लोहारू में रूपयों से भरा पीएनबी का एटीएम उखाड़ ले गए अज्ञात लुटेरे

Summary :

लोहारू में बीती रात्रि अज्ञात बदमाश पुलिस थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित पीएनबी का 13.89 लाख रूपए से भरा एटीएम ही उखाड़ कर ले गए।

लोहारू  : लोहारू में अपराधियों के हौंसले कितने बुलंद हो चुके हैं इसका अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि बीती रात्रि अज्ञात बदमाश पुलिस थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित पीएनबी का 13.89 लाख रूपए से भरा एटीएम ही उखाड़ कर ले गए। बेखौफ बदमाशों ने बीती रात्रि दो बजे पुलिस की नाक तले महज कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर भागने में कामयाब हो गए।

जिले में एटीएम उखाड़े जाने व बैंक लूट की कई वारदात होने के बावजूद पीएनबी का कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद न होना भी गंभीर लापरवाही को प्रदर्शित करता है। पीएनबी के वरिष्ठ प्रबंधक सतबीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ भादस की धारा 457 व 380 के तहत अभियोग दर्ज कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।

तोशाम के डीएसपी कुलदीप बैनीवाल, एफएसएल व आईटी टीम व सीआईए ने घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अन्य सूत्रों से वारदात की कडिय़ों को जोडऩे के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज में दो लोग नजर आ रहे हैं और संभवत: एटीएम मशीन ले जाने के लिए आरोपियों ने पिकअप वाहन का इस्तेमाल किया है। यहां यह गौरतलब होगा कि पड़ौसी राज्य राजस्थान में आज मतदान चल रहा है और इसके दृष्टिगत सीमाओं को सील किए जाने के दावे पुलिस-प्रशासन द्वारा किए गए थे।

– श्योराण

Desk Team