किसानों पर लाठीचार्ज : करनाल SDM बोले-सिर फोड़ देना…., बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने शेयर किया Video

Summary :

करनाल के एसडीएम आयुष सिन्हा विरोध कर रहे किसानों का सिर फोड़ने का आदेश दे रहे हैं। एसडीएम का वीडियो खुद बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने भी शेयर किया।

हरियाणा के करनाल में शनिवार को किसानों पर लाठीचार्ज किया गया। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में कई किसान गंभीर रूप से घायल हुए। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें करनाल के एसडीएम आयुष सिन्हा विरोध कर रहे किसानों का सिर फोड़ने का आदेश दे रहे हैं। एसडीएम का वीडियो खुद बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने भी शेयर किया।
वायरल वीडियो में एसडीएम विरोध प्रदर्शन करने वाले किसानों के सिर फोड़ने के लिए कथित तौर पर पुलिस कर्मियों को आदेश देते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के कोई डायरेक्शन लेने की जरूरत नहीं है जोरों से प्रहार करना। उन्होंने कहा कि यहां से जो भी आगे जाए सिंपल से उसका सिर फोड़ दो, इसमें किसी तरह का डाउट नहीं है।


बीजेपी सांसद वरुण गांधी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, मुझे आशा है कि यह वीडियो एडिट किया गया है और डीएम ने ऐसा नहीं कहा… वरना, हमारे अपने नागरिकों के साथ ऐसा करना लोकतांत्रिक भारत में अस्वीकार्य है। वहीं कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने इस घटना की तुलना सीधे तौर पर तालिबान से ही कर दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा कि तालिबान और इन लोगों में क्या अंतर है।

ये वीडियो वायरल होने के बाद से करनाल एसडीएम की जमकर आलोचना हो रही है। ओर उन्हें सस्पेंड करने की मांग उठ रही है। दरअसल, शनिवार को करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को एक कार्यक्रम में शामिल होना था। लेकिन इसके विरोध में किसान करनाल के घरौंडा में एक टोल पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने किसानों को हटने के लिए कहा, पर कोई समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद लाठीचार्ज किया गया।

Desk Team