हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने सोमवार को कहा कि राज्य में कोविड-19 की मौजूदा संक्रमण (पॉजिटिविटी) दर करीब नौ फीसदी है और लोगों को तब तक कोई छूट नहीं दी जा सकती, जब तक कि यह पांच फीसदी से कम न हो जाए। विज ने कहा कि दुकानदारों को ऑड-ईवन फॉर्मूले के अनुसार दुकानें खोलने की अनुमति दी गई थी, जिसके तहत वे अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच अपनी दुकानें खोल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत आसपास के अन्य राज्यों में पूरी तरह से लॉकडाउन है, लेकिन हरियाणा सरकार ने लोगों की अपील पर कुछ छूट दी है। मंत्री ने राज्य में ब्लैक फंगस के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त की और कहा कि इंजेक्शन की कमी को दूर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, हमें दो दिन पहले 550 शीशियां मिली थीं और पहले हमने 600 शीशियों की व्यवस्था की थी। उम्मीद है कि जल्द ही, पर्याप्त इंजेक्शन उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के विरोध को विपक्षी दलों का समर्थन उनकी ‘नकारात्मक राजनीति’ का स्पष्ट प्रतिबिंब था। विज ने कहा, मौजूदा महामारी की स्थिति को ध्यान में रखते हुए विपक्षी दलों को किसानों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



