चंडीगढ़ : हरियाणा के चुनावी समर में सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने योद्धा उतार दिए हैं। अब इन योद्धाओं को अपने प्रतिद्वंदी को मात देने के लिए जनता के भरोसे की जरूरत है। जनता का भरोसा और आशीर्वाद ही उन्हें विजयश्री दिलवा सकता है। इसके लिए सभी राजनीतिक दल कुछ ऐसे वादों का दस्तावेज तैयार कर रहे हैं, जिसे लेकर वे जनता के बीच जाएं और उनसे आशीर्वाद मांगें।
इसी दस्तावेज के जरिए वे जनता को बता सकेंगे कि उनके आशीर्वाद से यदि वे सत्ता में आए, तो अगले पांच साल में प्रदेश की तस्वीर बदलने और जनता की सेवा करने के लिए उनका क्या विजन रहेगा? वादों के इन दस्तावेजों को तैयार करने के लिए सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं की अध्यक्षता में विशेष कमेटी अपनी एक्सरसाइज में जुटी हुई हैं। समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए इस काम को लेकर इन कमेटियों की कसरत लगभग पूरी भी हो चुकी हैं।
लुभावने वादों की चाशनी में डूबा यह दस्तावेज जनता को कैसे आकर्षित करे, इसका खास ख्याल सभी राजनीतिक दलों द्वारा रखा जा रहा है, क्योंकि नेता जानते हैं कि वादों का यह दस्तावेज जो इस चुनाव में उनके दलों का ‘घोषणा पत्र’ बनेगा, उस पर यदि जनता ने अपने भरोसे की मुहर लगा दी, तो निसंदेह वे इस रण को फतेह कर सकेंगे।
1.77 लाख सुझावों को से निहित होगा भाजपा का ‘संकल्प पत्र’
इस चुनाव में भाजपा ने अपना ‘संकल्प पत्र’ तैयार करने में खासी एक्सरसाइज की है। कृषि मंत्री की अध्यक्षता वाली कमेटी ने एक विशेष वाहन से प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र से जनता के 1.77 लाख सुझाव एकत्रित किए हैं। वाहन को सीएम मनोहर लाल ने गुरुग्राम से हरी झंडी दिखाई थी। यह वाहन हर विधानसभा में पहुंचा। वाहन में स्थापित की गई सुझाव पेटी में संबंधित इलाके के जागरूक लोगों ने कई तरह के लिखित सुझाव डाले।
काफी संख्या में एकत्रित हुए ये सुझाव समाज के लगभग हर वर्ग और पहलु को छूने वाले थे। कमेटी के सदस्यों ने इन सुझावों पर पूरा मंथन-चिंतन करने के बाद जनता को समर्पित लगभग 200 ऐसे संकल्प तैयार किए हैं, जिसे जनता के समक्ष रखना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार इन संकल्पों को तैयार करने से पहले एक-एक संकल्प पर विशेषज्ञों की राय लेकर व्यवहारिक रिपोर्ट भी तैयार की गई है, ताकि बाद में यह बात कतई न उठ सके कि संबंधित संकल्प इसलिए पूरा नहीं हो पाया कि उसकी ग्राउंड पर व्यवहारिकता संभव नहीं थी। इसके जरिए भाजपा यह भी सुनिश्चित करेगी कि इस संकल्प पत्र में जो वादे जनता से किए जाएंगे, उसे हर हाल में आगामी पांच साल पूरा किया जाएगा।
हर वर्ग से रायशुमारी के बाद तैयार हो रहा कांग्रेस का घोषणा पत्र
कांग्रेस ने भी अपने घोषणापत्र को तैयार करने के लिए विशेष कमेटी गठित की हुई है। पूर्व सीएम एवं सीएलपी लीडर भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी इस कमेटी के सदस्य हैं। हुड्डा ने बताया कि हरियाणा को लेकर कांग्रेस का घोषणापत्र प्रदेश के हर वर्ग से रायशुमारी के बाद तैयार किया जा रहा है। हुड्डा के अनुसार इस घोषणा पत्र में हर वर्ग की उम्मीदों को समेटा गया है, जिसे जल्द जारी किया जाएगा।
पूरे प्रदेश की हर विधानसभा क्षेत्र से वहां की समस्याओं को मद्देनजर रखते हुए प्रदेश का हर वर्ग क्या चाहता है, जनता की नजर में प्रदेश की तरक्की कैसे होनी चाहिए, युवा और छात्र क्या चाहते हैं, बुजुर्ग सरकार से क्या आस रखते हैं, कामकाजी और गृहिणी महिलाओं की सरकार से क्या उम्मीदें हैं, कर्मचारी और व्यापारी वर्ग अपनी समस्याओं का क्या समाधान चाहता है, शिक्षकों और छात्रों की क्या अपेक्षाएं हैं और प्रदेश कैसे आगे बढ़े? इत्यादि पहलुओं को छूते हुए कांग्रेस अपना घोषणा पत्र तैयार कर रही है।
घोषणा पत्र तैयार करने से पहले आप नेताओं ने सूबे के हर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर वहां के स्थानीय लोगों से उनकी समस्याओं और सुझावों को जाना गया है। प्रदेश में पुरानी पेंशन बहाली, बेरोजगारी भत्ता न्यूनतम 10 हजार, बुढ़ापा पेंशन 5 हजार, किसानों को पूरा दाम, खिलाड़ियों व शहीद परिजनों को दिल्ली की तर्ज पर प्रोत्साहन इत्यादि कई मुद्दों को घोषणा पत्र में शामिल किया गया है।
इनेलो की भी तैयारी पूरी
इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेशाध्यक्ष बीडीस ढालिया ने बताया कि इनेलो ने भी घोषाणपत्र जारी करने को लेकर अपनी तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। जल्द इसे जारी किया जाएगा। इनेलो नेताओं की कमेटी ने इस तैयार करने केलिए हर वर्ग और प्रदेश की समस्याओं व मांगों की समीक्षा करने के बाद इस दस्तावेज को तैयार किया है। हर वर्ग के लिए पक्के वादे के साथ इसमें कई घोषणाएं शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App



