नई दिल्ली : कांग्रेस इलेक्शन मेनिफेस्टो कमेटी की बैठक पार्टी के मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, पार्टी अध्यक्ष कुमारी शैलजा, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, आफताब अहमद, शंकुतला खटक आदि पहुंचे। बैठक में भाजपा द्वारा जनता से किये वायदे पूरा करने का मामला जनता की अदालत में उठाया जाए, बेरोजगारी आज प्रदेश में बड़ा अहम मुद्दा है।
भाजपा सरकार ने जनता से जो मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने का वर्ष 2014 में वायदा किया था उसे पूरा नहीं किया, उसको लेकर जनता को जागरूक करना है। पार्टी अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि हम भाजपा के झूठे वायदों की पोल खोलेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की एक बैठक फिर 25 सितम्बर को बुलाई गई है जिसमें उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा होगी। कांग्रेस जिताऊ उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी।
बैठक से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर भाजपा सरकार के झूठे वायदों को जनता के बीच लेकर जायेंगे। भाजपा 75 प्लस का सपना पूरा नहीं होगा। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जोश है। टिकट वितरण के बाद भाजपा में भगदड़ मचेगी मगर कांग्रेस योग्य उम्मीदवार को टिकट देगी। बैठक में पार्टी नेताओं से चुनाववी घोषणा पत्र के बारे में सुझाव भी मांगे गए। सभी नेता अपने अपने सुझाव समिति को दे देंगे उसके बाद पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी करेगी।
टिकट के लिए आवेदन 25 तक
उधर पार्टी अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने एक ट्वीट जारी कर हरियाणा विधानसभा चुनाव टिकट और कांग्रेस सदस्यता के लिए भारी उत्साह का हवाला देकर फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 23 सितम्बर से बढ़ाकर 25 सितम्बर कर दी है। उन्होंने कहा कि सदस्यता फार्म के लिए जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



