फरीदाबाद : फिल्म पद्मावत के विरोध में बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे सेक्टर-12 स्थित सीटीसी मॉल में घुसकर चार-पांच युवकों ने मल्टीप्लेक्स के टिकट काउंटर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी। भागते हुए युवकों ने करणी सेना जिंदाबाद के नारे लगाए। इस पूरे प्रकरण का उन्होंने मोबाइल पर एक वीडियो भी बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस मानकर चल रही है कि फिल्म पद्मावत की रिलीज को लेकर चल रहे विवाद के कारण किसी ने दहशत फैलाने के लिए यह कदम उठाया है।
दरअसल बृहस्पतिवार को ही सुप्रीम कोर्ट ने इस फिल्म को पूरे देश में रिलीज करने के लिए हरी झंडी दी है। राजपूत समुदाय इस फिल्म को रिलीज ना होने देने पर अड़ा हुआ है। इस घटना के बाद मॉल के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई है। हालांकि मॉल में अभी फिल्म पद्मावत का कोई पोस्टर भी नहीं लगा हुआ है और ना ही यहां फिल्म रिलीज को लेकर कोई घोषणा की है। मामले के जांच अधिकारी एएसआइ अनिल कुमार ने बताया कि रात में जब घटना हुईए तब मॉल में भूतल पर बना टिकट काउंटर बंद हो चुका था। करीब 10 बजे चार-पांच युवक चेहरे ढककर मॉल में घुसे।
उन्होंने शीतल पेय की करीब आधा लीटर की बोतल में कोई ज्वलनशील पदार्थ लिया हुआ था। टिकट लेने के लिए बनाए गए सुराख में हाथ डालकर उस बोतल से पूरा ज्वलनशील पदार्थ टिकट काउंटर के अंदर छिड़क दिया और आग लगाकर फरार हो गए, जिस बोतल में ज्वलनशील पदार्थ लाए थे, उसे वहीं फेंक दिया। अचानक टिकट काउंटर के अंदर आग की लपटें उठती देख आस पास भागदौड़ मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग फैली नहीं।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करें।
– राकेश देव


Download Android App
Download iOS App



