Panipat ASI Slap Case: पानीपत में चेकिंग के दौरान ASI और युवक में हुई थप्पड़बाजी! बिना नंबर प्लेट बाइक और शराब जांच को लेकर हुआ विवाद, देखें VIDEO

Summary :

Panipat ASI Slap Case: पानीपत के संजय चौक पर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट बाइक सवार युवक और ASI के बीच विवाद हो गया। शराब जांच कराने से इनकार के बाद कहासुनी बढ़ी और दोनों के बीच थप्पड़बाजी हुई। घटना का वीडियो वायरल है। पुलिस ने युवक पर केस दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।

Panipat ASI Slap Case: पानीपत के संजय चौक पर मंगलवार (6 अक्टूबर) को ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग के दौरान हंगामा हो गया। बिना नंबर प्लेट बाइक चला रहे एक युवक को पुलिस ने जांच के लिए रोका। इसी दौरान युवक और ट्रैफिक पुलिस के ASI के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच थप्पड़बाजी हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  पुलिस ने ASI की शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शराब की जांच के दौरान शुरू हुआ विवाद

डीएसपी सुरेश सैनी के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस की टीम संजय चौक पर गाड़ियों  की जांच कर रही थी। पुलिस का मुख्य फोकस शराब पीकर गाड़ी  चलाने वाले लोगों की जांच पर था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक लेकर एक युवक वहां पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने बाइक को रोककर युवक से पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि युवक के मुंह से शराब की गंध आ रही थी। इसके बाद ASI पवन कुमार ने युवक को एल्कोसेंसर से शराब की जांच कराने के लिए कहा। ऐसे में  युवक ने जांच कराने से मना  कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी और युवक के बीच बहस होने लगी। पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान युवक ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की।

कहासुनी के बाद दोनों के बीच हाथापाई

पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद युवक ने ASI के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान ASI ने भी युवक को थप्पड़ मारा। इसके बाद युवक ने भी ASI को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में दोनों के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है।

पुलिस ने युवक की पहचान असलम के रूप में की है। वह विद्यानंद कॉलोनी का रहने वाला बताया जा रहा है। ASI की शिकायत के बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है।

बिना नंबर प्लेट बाइक की भी जांच

इस मामले में पुलिस सिर्फ युवक के व्यवहार की जांच नहीं कर रही, बल्कि उसकी बाइक को भी जांच के दायरे में रखा गया है। बाइक पर नंबर प्लेट नहीं लगी होने के कारण पुलिस उसके मालिकाना हक की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बाइक कहीं चोरी की तो नहीं है। इसके अलावा युवक के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

डीएसपी सुरेश सैनी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं और उपलब्ध वीडियो को देखा जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें: जॉनी निकला जावेद, आधार कार्ड ने खोली पोल, 6 महीने की शादी के बाद खुला राज

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।