Police Solved Ballabhgarh Murder Case : हरियाणा के फरीदाबाद में बल्लभगढ़ स्थित आदर्श सब्जी मंडी में मिले महिला के शव के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या कर शव को मंडी क्षेत्र में फेंका गया था। पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें इस मामले में 22 अप्रैल को मिला था शव मिला था. पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई. पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल को मंडी इलाके में एक महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि महिला की मौत आंतरिक चोटों के कारण हुई, जिसके बाद मामला हत्या में दर्ज किया गया।
परिवार से अलग रह रही थी मृतका
जांच के दौरान महिला की पहचान फिरोजा उर्फ आरती उर्फ कल्लो (45) के रूप में हुई, जो पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी। पुलिस जांच में पता चला कि वह पिछले कई वर्षों से फरीदाबाद में रह रही थी और परिवार से अलग रहती थी। पुलिस चौकी बल्लभगढ़ और अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 1 मई को 36 वर्षीय आरोपी बीरू को मुजेसर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पैसों को लेकर हुआ विवाद
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतका के साथ संबंध था और महिला उससे लगातार पैसों की मांग कर रही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच तनाव बना हुआ था और घटना वाली रात भी इसी बात पर विवाद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, झगड़ा बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर ईंट से महिला के सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को मंडी में फेंक दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह हाल ही में नशीले पदार्थ से जुड़े एक मामले में जेल से बाहर आया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की आगे जांच जारी है।
यह भी पढ़ें – कांग्रेस विधायक बलवान सिंह ने हरियाणा सरकार को घेरा, कहा- ‘जनता की गाढ़ी कमाई फूंक रही भाजपा’





















