जींद : सोमवार को फिल्मी अंदाज में पिस्तौल लहराते हुए जुलाना में दिन-दहाड़े तीन बदमाशों ने जिनके हाथों में चार पिस्तौल थी पीएनबी बैंक लिजवाना कलां में डकैती डाल दी। दो ने हेल्मेट और एक ने कपड़े से मुंह ढांप रखा था। तीन बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और बैंक कैशियर को पिस्तौल का बट मारकर जख्मी कर 82405 रुपये लूट ले गए। यह सारी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। सूचना पाकर जुलाना थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोमवार को करीब करीब 12 बजे लिजवाना कलां गांव में स्थित पीएनबी बैंक में कर्मचारी अपना काम कर रहे थे। दर्जनों लोग बैंक में मौजूद थे। इसी बीच मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने हाथ में पिस्तौल लिए बैंक में प्रवेश किया।
दो बदमाश ने हेल्मेट पहना हुआ था जबकि तीसरे ने अपना मुंह कपड़े से ढाप रखा था। एक बदमाश के हाथ में दो पिस्तौल थे। एक बदमाश ने बैंक के गेट पर खड़े होकर ग्राहकों पर पिस्तौल तान ली और हिलने के लिए मना किया। दूसरे बदमाश ने बैंक मैनेजर सुनील पर पिस्तौल तान ली। तीसरे बदमाश ने कैशियर के रूम में जाकर पिस्तौल कनपटी पर रखकर कैशियर से कैश निकालने के लिए कहा। कैशियर के कैश नहीं देने पर बदमाश ने पिस्तौल का बट कैशियर विजय के सिर में मारकर उसे जख्मी कर दिया और 82405 रुपए लूट लिए। इसके बाद बदमाश हाथों में हथियार लहराते हुए बैंक से निकल कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
बंदूक दिखा कर SHO के बेटे से कार लूटकर भागा बदमाश, केस दर्ज
इसकी सूचना जुलाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। पुलिस ने अज्ञात बदमशों के खिलाफ मामला दर्ज कर क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। जुलाना थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली है। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
बैंक में नहीं कोई सिक्योरिटी गार्ड पीएनबी बैंक लिजवाना कलां में कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं है।
इस बाद का फायदा उठाते हुए बदमाशों ने दिन-दहाड़े हाथों में हथियार लेकर बैंक में डकैती को अंजाम दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अगर बैंक में सिक्योरिटी गार्ड होता तो शायद बदमाशों की बैंक में डकैती डालने की हिम्मत नहीं होती। लिजवाना कलां पीएनबी हैड कैशियर विजय ने बताया कि तीन बदमाशों ने हाथों में हथियार लहराते हुए बैंक प्रवेश किया और एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल रख ली और रुपये देने के लिए कहा। जब उसने रुपये देने से मना कर दिया तो बदमाश ने पिस्तौल का बट मारकर उसे जख्मी कर दिया और रुपये लूट कर ले गए।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई बदमाशों की लूट की घटना : लिजवाना कलां गांव के पीएनबी बैंक में सीसीटी कैमरे लगे हुए थे। लूट की सारी घटना सीसीटी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला है। दो बदमाशों ने हेल्मेट एवं एक ने अपने मुंह पर कपड़ा ढाप रखा है। फिलहाल पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
तीनों बदमाशों के हाथों में थे हथियार : मैनेजर : लिजवाना कलां पीएनबी बैंक मैनेजर सुनील कुमार के अनुसार मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश हाथों में हथियार लिए बैंक आए। दो बदमाशों ने सिर में हेल्मेट पहना हुआ था और एक ने अपना मुंह कपड़े से ढाप रखा था।
– संजय शर्मा


Download Android App
Download iOS App



