हरियाणा के सोनीपत जिले में केएमपी एक्सप्रेसवे पर एक कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। यह घटना गुरुवार सुबह गोपालपुर गांव की सीमा के पास हुई। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और 9 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाजरे की कटाई के लिए जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार, इको कार सवार मजदूर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के रहने वाले थे। वे सभी बाजरे की कटाई के लिए झज्जर जा रहे थे। तभी उनकी कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे के बाद एक शव को गाड़ी काटकर निकाला गया। एक मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के रहने वाले रामनरेश के रूप में हुई है, वहीं अन्य दो की पहचान नहीं हो पाई है।
9 घायलों में से 5 की हालत गंभीर
बताया जा रहा है कि 9 घायलों में से 5 की हालत गंभीर है, उन्हें रोहतक के पीजीआई में रेफर किया गया है। इसके अलावा 4 घायलों का इलाज खरखोदा अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।
इससे पहले खाटू श्याम से लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत
इससे पहले 1 सितंबर को पलवल के केएमपी एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ था। इस हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी, जबकि 16 गंभीर रूप से घायल हुए थे। बताया जा रहा है कि ये सभी राजस्थान में धार्मिक स्थलों के दर्शन कर वृंदावन लौट रहे थे, तभी श्रद्धालुओं की पिकअप गाड़ियां केएमपी के किनारे खड़े एक ट्रक के पीछे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया।


Download Android App
Download iOS App




