पानीपत/मतलौडा : पानीपत जिला के गांव उरलाना कलां में रविवार को नहर में नहाने गए दो युवक नहर में नहाते हुए डूब गए वहीं उन्हें बचाने के लिए तीसरा व्यक्ति नहर में कूदा तो वह भी उन्हें बचाते हुए स्वयं भी डूब गया। जिससे गांव में मातम का माहौल छाया हुआ हैं। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार भी मतलौडा के नायब तहसीलदार जय सिंह के साथ मौके पर नहर पर पहुंचे और उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तीनों युवकों की नहर में तलाश करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं उपायुक्त पानीपत सुमेधा कटारिया ने नहर का पानी कम करवाने को लेकर सिचाई विभाग के उच्च अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
वहीं समाचार लिखे जाने तक युवकों का नहर में सर्च अभियान जारी था। जानकारी के अनुसार पारसदीप पुत्र रिंकू व रमनदीप पुत्र तेजिंदर पाल निवासी उरलाना दोनों ही बुटाना ब्रांच नहर में नहाने के लिए गए थे। वे जब नहर में नहाने के लिए पानी में उतरे तो पानी का बहाव तेज होने की वजह से वे दोनो पानी में डूबने लगे। उन्होंने डूबते हुए मदद की गुहार लगाई तो देवेंद्र उर्फ टीटू पुत्र रामचंद्र निवासी उरलाना उन्हें बचाने के लिए नहर में कूद गया, लेकिन वह उन दोनो को बचा नहीं पाया और तीनों ही पानी के तेज बहाव के साथ बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही उरलाना कलां के लोग काफी संख्या में नहर पर पहुंच गए और उन्होंने तीनों की तलाश का अभियान शुरू कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, मतलौडा के नायब तहसीलदार जयसिंह और भाजपा नेता रविंद्र भाटिया भी मौके पर पहुंचे। वहीं उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने सिचाई विभाग को नहर में जल स्तर को कम करने के निर्देश दिए हैं। जिससे नहर में चल रहे पानी का जल स्तर कम हो रहा है और तीनों की नहर में तलाश करने का काम जारी हैं।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।
– राजीव शर्मा


Download Android App
Download iOS App



