हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और गृह मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को कहा कि राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के मद्देनजर लॉकडाउन नहीं लगेगा और प्रवासी मजदूरों से अपील की कि चिंता किए बगैर वे अपना काम करते रहें।कोरोना वायरस के प्रसार पर रोक लगाने की खातिर राज्य सरकार द्वारा लॉकडाउन लगाने की आशंकाओं के बीच उन्होंने यह आश्वासन दिया है।
खट्टर ने टेलीविजन पर दिए संदेश में राज्य के लोगों से कहा, ‘‘हमने कहा है कि हम लॉकडाउन नहीं लगाएंगे। हम उन्हें इस पर आश्वासन देना चाहते हैं।’’मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर प्रवासी मजदूर ‘‘आशंकाओं’’ के आधार पर घर लौटते हैं तो उनका काम छूट जाएगा और उनके लिए कठिनाइयां पैदा हो जाएंगी।उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है और वे अपना काम जारी रखें।’’
इस बीच, विज ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य में लॉकडाउन नहीं लगेगा।उन्होंने प्रवासी मजदूरों से ‘‘किसी दुष्प्रचार’’ पर ध्यान नहीं देने की अपील की और कहा कि उन्हें पहले की तरह काम जारी रखना चाहिए।विज ने कहा, ‘‘मैंने उद्योगों को पूरी क्षमता के साथ चलाने के लिए कहा है। मैंने उनसे कहा है कि फैक्टरियों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाना चाहिए।’’
हरियाणा के बहादुरगढ़ के एक प्रवासी मजदूर ने संवाददाताओं से कहा कि मजदूरों में इस बात की आशंका है कि दिल्ली की तरह यहां भी लॉकडाउन लगेगा।उसने कहा, ‘‘जैसे दिल्ली ने लॉकडाउन लगाया है, अगर हरियाणा ने भी उसी तरह लगा दिया तो? अगर ऐसा होता है तो हमारा काम छूट जाएगा। उस स्थिति में अच्छा है कि हम अपने घर चले जाएं।’’विज ने कहा कि हरियाणा के तीन जिले— गुड़गांव, फरीदाबाद और सोनीपत में राज्य भर में इलाजरत मरीजों के आधा मामले हैं।एक सवाल के जवाब में विज ने कहा कि दिल्ली के कई रोगियों का इलाज हरियाणा के एनसीआर जिलों में हो रहा है और कहा कि राज्य में आने वाले हर रोगी का वे इलाज करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



