सिरसा : आगामी 15 फरवरी को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के हरियाणा आगमन को लेकर विरोध के स्वर कई ओर से उठ रहे है। जहां एक ओर प्रदेश के कर्मचारी और कई अन्य वर्ग अमित शाह के दौरे का विरोध करने की बात कह चुके है वही हरियाणा में मुख्य विपक्षी दल की भूमिका निभा रही इंडियन नैशनल लोकदल भी अब भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह के हरियाणा दौरे के दौरान उन्हे काले झंडे दिखाने की रणनीति बना रही है। इनेलो ने ये स्पष्ट कर दिया है कि उन्होने भाजपा अध्यक्ष को एक पत्र लिखकर सवाल किया है कि क्या हरियाणा के संदर्भ में आपने अपने घोषणा-पत्र में जो वायदे किए थे, क्या भाजपा ने उन्हे पूरा किया है? इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी की बुधवार को सिरसा में हुई बैठक में जहां नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने पार्टी के नेताओं की दिल्ली में 7 मार्च को एसवाईएल को लेकर दिल्ली में रखी गई किसान रैली को लेकर डयूटियां लगाई वही 15 फरवरी को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के हरियाणा दौरे के दौरान काले झंडे दिखाने का भी निर्णय लिया।
इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो 15 फरवरी को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का जमीन और आसमान दोनो में विरोध किया जाएगा। उन्होने कहा कि इनेलो के अमित शाह के विरोध की खबर आते ही भाजपा ने अपने अध्यक्ष की मोटरसाईकिल यात्रा रद्व करके हवाईयात्रा से सीधे जींद पहुंचने का कार्यक्रम बनाया है लेकिन इनेलो हवा में काले गुब्बारे दिखाकर भी अमित शाह का विरोध जताने का काम करेगी। अभय चौटाला ने कहा कि एसवाईएल को लेकर इनेलो लगातार आंदोलनरत है और 13 माह पहले सुप्रीमकोर्ट का निर्णय हरियाणा के हक में आने के बावजूद भी भाजपा सरकार ने इस बारे को उचित कदम नही उठाया जबकि सुप्रीमकोर्ट ने अपने निर्णय में ये स्पष्ट कहा था कि केन्द्र सरकार एसवाईएल नहर का निर्माण करवाएं और हरियाणा को उसके हक का पानी दिलवाएं।
अभय चौटाला ने कहा कि इनेलो ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को एक पत्र लिखकर ये कहा है कि आप हरियाणा में आने से पहले हरियाणा के लिए अपनी पार्टी की घोषणा-पत्र में की गई घोषणाओं को पूरा करें। उन्होने बताया कि इनेलो ने मुख्य रूप से पत्र में एसवाईएल का पानी हरियाणा को दिलवाने और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करवाने को लेकर भाजपा अध्यक्ष से सवाल पूछा है। उन्होने कहा कि अगर 15 फरवरी से पहले इनेलो को उसके पत्र का कोई संतोषजनक जवाब मिल जाता है तो इनेलो अमित शाह का विरोध नही करेगी लेकिन अगर कोई जवाब नही आता तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष का भी काले झंडे दिखाकर विरोध जताया जाएगा।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।
(दीपक शर्मा)


Download Android App
Download iOS App



