हजारीबाग, 23 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में सोमवार शाम को सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा लराही रोड पर मलिकाना के समीप दोपहर करीब तीन बजे हुआ। एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने बुलेट बाइक को टक्कर मार दी। इसकी चपेट में सड़क किनारे खड़े दो छात्र भी आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान सिरमा गांव निवासी दिलीप यादव के पुत्र अमित कुमार (17) और प्रकाश यादव के पुत्र पीयूष कुमार (16) के रूप में हुई है। बाइक चला रहे अमन कुमार (18) गंभीर रूप से घायल हैं। वह सिंघरावां मोड़ निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित और पीयूष मलिकाना के पास सड़क किनारे खड़े थे।
इसी दौरान लराही की ओर से बुलेट बाइक पर आ रहे अमन को विपरीत दिशा से आए एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में दोनों छात्र भी आ गए। टक्कर के बाद अमित और पीयूष सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से जा टकराए। उनके सिर और माथे पर गंभीर चोटें आईं। दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घायल अमन को अनुमंडलीय अस्पताल बरही ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर चौपारण पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरही भेज दिया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि अमित प्लस टू उच्च विद्यालय, डोईया में 11वीं का छात्र था, जबकि पीयूष सुरेखा पब्लिक स्कूल, बहेरा में 10वीं में पढ़ता था।
दोनों सोमवार को स्कूल नहीं गए थे। परिजनों के मुताबिक, दोनों दोपहर में खाना खाकर घूमने निकले थे। इसी दौरान हादसा हो गया। हादसे के बाद परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटनास्थल पर पहुंची पीयूष की मां बेटे का शव देखकर बदहवास हो गईं।
–आईएएनएस
एसएनसी/एमएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



