अरुणाचल प्रदेश में शुकवार को कुछ ही मिनटों के अंतर में तीन बार भूकंप आया जिनकी तीव्रता क्रमश: 5.6, 3.8 और 4.9 दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान जान-माल का किसी प्रकार का कोई नुकसान होने की सूचना नहीं मिली है। हर बार भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए।
मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट के अनुसार पहला भूकंप अपराह्न दो बजकर 52 मिनट पर आया जिसकी तीव्रता 5.6 मापी गई। इस भूकंप का केंद्र अरुणाचल प्रदेश के पूर्वी कामेंग जिले में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था। इसके झटके ईटानगर, गुवाहाटी, असम के अन्य हिस्सों और नगालैंड के दीमापुर में भी महसूस किए गए। दूसरा भूकंप अपराह्न तीन बजकर चार मिनट पर आया जिसका केंद्र पूर्वी कामेंग में एक अन्य स्थान पर 10 किलोमीटर गहराई में था। इस भूकंप की तीव्रता 3.8 मापी गई।
तीसरा भूकंप अपराह्न तीन बजकर 21 मिनट पर आया जिसकी तीव्रता 4.9 मापी गई। इस भूकंप का केंद्र अरुणाचल के कुरुंग कुमे जिले में 95 किलोमीटर गहराई में था। भूकंप वैज्ञानिकों के अनुसार पूर्वोत्तर का क्षेत्र भूकंपीय मानचित्र के जोन पांच के तहत आता है यानि इस क्षेत्र में आने वाले राज्य भूकंप के लिहाज से अतिसंवेदनशील हैं।


Download Android App
Download iOS App



