रत्नागिरी, 28 जनवरी (आईएएनएस)। रत्नागिरी के पालक मंत्री उदय सामंत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अजित पवार उनके सिर्फ राजनीतिक गुरु नहीं, बल्कि करीबी रिश्तेदार जैसे थे।
मीडिया से बातचीत में उदय सामंत ने कहा कि अजित पवार उनके साथ राजनीति से कहीं ज्यादा गहरा नाता रखते थे। वे अक्सर उन्हें मार्गदर्शन देते थे, कभी-कभी दोस्ताना तरीके से डांट भी लगाते थे। दोनों नियमित रूप से सौहार्दपूर्ण बातचीत करते थे। सामंत ने अपने करीबी रिश्ते को दिखाने के लिए अजीत पवार के साथ अपनी एक तस्वीर भी पत्रकारों को दिखाई।
उन्होंने बताया कि निधन से ठीक पहले शाम 7 बजे उन्होंने पुणे एमआईडीसी से जुड़े विकास कार्यों पर अजित पवार से फोन पर बात की थी। उस दिन उन्होंने राजनीतिक मुद्दों और एमआईडीसी संबंधी बातों पर कुल तीन बार उनसे संपर्क किया था। सुबह अजित पवार के निधन की खबर सुनकर उन्हें बहुत बड़ा झटका लगा।
सामंत ने याद किया कि अजित पवार ने उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत में बहुत समर्थन दिया और हौसला बढ़ाया। शरद पवार के नेतृत्व और अजित पवार की मदद से उन्हें पूरे महाराष्ट्र में घूमने और अपनी पहचान बनाने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि लगभग 25 साल तक साथ खड़े रहने वाले, निस्वार्थ भाव से मदद करने वाले ऐसे नेता को खोना अपूरणीय क्षति है।
उदय सामंत ने अजित पवार की आत्मा की शांति की कामना की और भगवान से पवार परिवार को इस दुख को सहने की ताकत देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र ने एक बड़े नेता को खो दिया है, जिसका योगदान राज्य के विकास में हमेशा याद किया जाएगा। यह घटना महाराष्ट्र की राजनीति के लिए बहुत बड़ा सदमा है, जहां अजित पवार जैसे अनुभवी नेता की कमी लंबे समय तक खलेगी।
बता दें कि अजित पवार का निधन बुधवार सुबह एक विमान हादसे में हो गया, जिसमें पांच लोग सवार थे। यह हादसा इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान हुआ। हादसे में विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। अजित पावर के निधन पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, समेत देशभर से तमाम नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।
–आईएएनएस
एसएचके/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



