विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को श्रीलंका के अपने समकक्ष दिनेश गुणवर्द्धन के साथ मछुआरों के संवेदनशील मुद्दों सहित विभिन्न विषयों चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि बुधवार को तीन दिवसीय यात्रा पर नयी दिल्ली आए श्रीलंकाई विदेश मंत्री ने बातचीत के दौरान कहा कि राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे की घोषणा के अनुसार श्रीलंका द्वारा पकड़ी गईं सभी 52 नौकाओं को छोड़ा जा रहा है।
कुमार ने कहा, ‘‘बातचीत से हमें लगता है कि नौकाओं को छोड़ने की प्रक्रिया जारी है और बहुत जल्द पूरी हो जानी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि भारतीय पक्ष 15 भारतीय मछुआरों की शीघ्र रिहाई के लिए भी श्रीलंका सरकार के साथ संपर्क में है जो अभी भी उनकी हिरासत में हैं।
जयशंकर ने ट्वीट किया, ”श्रीलंका के विदेश मंत्री दिनेश गुणवर्द्धन के साथ विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों और क्षेत्रीय चिंताओं पर हुई चर्चा सकारात्मक रही। भारत-श्रीलंका संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए हमारे नेताओं के दृष्टिकोण पर विस्तार से चर्चा हुई।”
श्रीलंका के विदेश मंत्री का पदभार संभालने के बाद गुणवर्द्धन की यह पहली विदेश यात्रा है।


Download Android App
Download iOS App



