दार्जिलिंग नगर निगम के 17 पार्षद शनिवार को बीजेपी में शामिल हो गये जिससे स्थानीय निकाय में बीजेपी को बहुमत मिल गया है।
बीजेपी नेता मुकुल रॉय ने पार्षदों को औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराने के बाद संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। रॉय ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जनप्रतिनिधियों और उनके समर्थकों का उत्पीड़न करने के लिए पुलिस के इस्तेमाल का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य में लोकतंत्र बचाने की हमारी लड़ाई जारी है। लोकसभा चुनाव में जनादेश मुख्यमंत्री के खिलाफ था, लेकिन अब वह भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को परेशान करने के लिए पुलिस राज का इस्तेमाल कर रही हैं।’’
रॉय ने कहा कि 32 सदस्यीय दार्जीलिंग नगर निगम में बीजेपी अब बहुमत में है। निगम की दो सीटें खाली हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी आने वाले दिनों में यहां बड़ा प्रदर्शन करेगी।
राज्य के पार्टी मामलों के प्रभारी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन पर अनेक संस्थाओं पर हमले का आरोप लगाया।
दार्जिलिंग से सांसद राजू बिस्ता ने कहा कि राज्य में खासकर उत्तर बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को हुए नुकसान के लिए पुलिस क्षेत्र में बीजेपी के लोगों को परेशान कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



