केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगले महीने दो दिन पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों से मुलाकात करेंगे । इस दौरान सुरक्षा स्थिति और विकास के मुद्दों की समीक्षा और चर्चा की जाएगी। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
शाह गुवाहाटी में तीन-चार अगस्त को पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) की पूर्ण बैठक में क्षेत्र के मुख्यमंत्रियों और राज्यपालों से मुलाकात करेंगे।
सरकार के एक अधिकारी ने कहा कि वह एनईसी बैठक के दौरान विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। पूर्वोत्तर क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा को लेकर भी शाह के अलग से बैठक करने की उम्मीद है।
आठ पूर्वोत्तर राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री एनईसी के सदस्य है। एनईसी विकास का संतुलन और समन्वय सुनिश्चित करने के साथ ही इन राज्यों को प्रभावी समन्वय देने के लिये सर्वोच्च संस्था है।
एनईसी का जुलाई 2018 में पुनर्गठन किया गया था और गृह मंत्री को एनईसी का अध्यक्ष नामित किया गया था जबकि पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास मंत्री को इसका उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
इसमें असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के साथ सिक्किम भी शामिल है।


Download Android App
Download iOS App



