राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। अब लोगों की नजर मिजोरम के चुनाव नतीजों पर है। बता दें कि चुनाव आयोग ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि मिजोरम में वोटों की गिनती सोमवार तक के लिए एक दिन के लिए टाल दी गई है। पहले मतगणना 3 दिसंबर को निर्धारित की गई थी। हालांकि, राजनीतिक दलों, गैर सरकारी संगठनों, चर्च और छात्र संगठनों की अपील के बाद निर्वाचन आयोग ने इसे स्थगित कर दिया क्योंकि रविवार का दिन ईसाई बहुल मिजोरम के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है।
174 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का होगा फैसला
मिजोरम के अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी एच लियानजेला ने मीडिया को बताया कि कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 13 केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इन 13 केंद्रों पर 40 विधानसभा सीट में से प्रत्येक के लिए एक मतगणना हॉल बनाया गया है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी और सुबह 8.30 बजे से ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती शुरू होगी।
एच लियानजेला ने कहा कि 12 विधानसभा क्षेत्रों वाले आइजोल जिले में तीन मतगणना केंद्र जबकि 10 अन्य जिलों में एक-एक केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ सीट पर जहां मतदाताओं की संख्या कम है, केवल दो दौर की गिनती होगी, लेकिन अधिकांश निर्वाचन क्षेत्रों में पांच दौर की गिनती होगी।
मतगणना प्रक्रिया में 4,000 से अधिक कर्मी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर, ईवीएम के लिए 399 टेबल और डाक मतपत्रों की गिनती के लिए 56 टेबल होंगी। मिजोरम विधानसभा के लिए मतदान सात नवंबर को हुआ था और राज्य के 8.57 लाख मतदाताओं में से 80 प्रतिशत से अधिक ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। चुनाव में 18 महिलाओं सहित कुल 174 उम्मीदवार मैदान में हैं। एमएनएफ, जेडपीएम और कांग्रेस ने 40-40 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि भाजपा ने 13 सीटों पर उम्मीदवार उतारे। मिजोरम में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने चार सीटों पर चुनाव लड़ा। इसके अलावा 17 निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में थे।


Download Android App
Download iOS App



