मुम्बई : महाराष्ट्र के वित्त मंत्री सुधीर मुणगंतीवार के दावे के विपरीत युवा सेना के एक नेता ने कहा है कि मुख्यमंत्री का पद शिवसेना और भाजपा के पास ढाई- ढाई वर्ष के लिए रहेगा। उनका यह दावा विधानसभा चुनावों से पहले दोनों दलों के बीच कलह का कारण बन सकता है। मुणगंतीवार ने दावा किया था कि अगला मुख्यमंत्री भाजपा से ही होगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुणगंतीवार ने राजनीतिक रूप से संवेदनशील मुद्दा उठाते हुए सोमवार को कहा कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री भी उनकी ही पार्टी से होगा।
उन्होंने नासिक में संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा। इस पर भाजपा-शिवसेना गठबंधन में कोई मतभेद नहीं है। इस बार हम 288 सदस्यीय विधानसभा में 220 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि सितम्बर- अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा और शिवसेना के बीच जल्द ही सीट बंटवारे पर सहमति बनेगी।
बहरहाल, सीट बंटवारे पर शिवसेना के कड़े मोलभाव का संकेत देते हुए युवा सेना के सचिव वरूण सरदेसाई ने दावा किया कि दोनों दलों के पास ढाई – ढाई वर्ष के लिए मुख्यमंत्री का पद रहेगा। युवा सेना के प्रमुख आदित्य ठाकरे के रिश्तेदार सरदेसाई ने ट्वीट किया कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दोनों दलों के बीच मुख्यमंत्री पद बारी-बारी से रहने की ‘‘मंजूरी’’ दी है।


Download Android App
Download iOS App



