‘100 पाक सैनिक को मार गिराया , 13 विमान गिराए और 11 ठिकाने किए तबाह…’, ऑपरेशन सिंदूर पर भारतीय सेना का बड़ा खुलासा

Summary :

1 year of Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर का आज यानी 7 मई को एक साल पूरा हो गया है। इस बीच भारतीय सेना ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने ऑपरेशन की उपलब्धियों और इसके प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह ऑपरेशन किसी अंत का संकेत नहीं है, बल्कि आगे की रणनीति की शुरुआत है। लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, एयर मार्शल अवधेश भारती और वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद ने एक साथ कहा कि यह ऑपरेशन आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाले नेटवर्क के खिलाफ भारत की मजबूत प्रतिबद्धता…

1 year of Operation Sindoor: ऑपरेशन सिंदूर का आज यानी 7 मई को एक साल पूरा हो गया है। इस बीच भारतीय सेना ने जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने ऑपरेशन की उपलब्धियों और इसके प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह ऑपरेशन किसी अंत का संकेत नहीं है, बल्कि आगे की रणनीति की शुरुआत है।

लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई, एयर मार्शल अवधेश भारती और वाइस एडमिरल ए.एन. प्रमोद ने एक साथ कहा कि यह ऑपरेशन आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाले नेटवर्क के खिलाफ भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस अभियान के दौरान भारत ने पाकिस्तान के 13 विमानों को मार गिराया, 11 सैन्य ठिकानों को नष्ट किया और 100 से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों को ढेर किया।

1 year of Operation Sindoor: सेना ने अपने तय लक्ष्यों को हासिल किया

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारतीय सेना ने अपने तय लक्ष्यों को सफलतापूर्वक हासिल किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान ने दुश्मन को सख्त संदेश दिया और यह दिखाया कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा। उनका कहना था कि इस ऑपरेशन ने देश की सैन्य क्षमता और रणनीतिक सोच को मजबूत किया है।

 आत्मनिर्भरता बनी बड़ी ताकत

उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि यह सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि सेना की असली ताकत बन चुका है। आज 65% से ज्यादा रक्षा उपकरण देश में ही तैयार हो रहे हैं। इससे सेना को जरूरत के अनुसार उपकरणों में बदलाव करने और आपूर्ति बनाए रखने में आसानी होती है। लेफ्टिनेंट जनरल घई ने बताया कि इस ऑपरेशन को बहुत सोच-समझकर और योजना के साथ अंजाम दिया गया। सेना ने सटीक और तेज हमले किए, जिससे दुश्मन की क्षमताओं पर असर पड़ा। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने उद्देश्य हासिल करने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया और लंबी लड़ाई में फंसने से बचा। पाकिस्तान को बातचीत के लिए मजबूर होना पड़ा और उसने संघर्ष रोकने की अपील की।

खुफिया और तकनीकी सहयोग की अहम भूमिका

इस ऑपरेशन की सफलता में खुफिया एजेंसियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने सटीक जानकारी उपलब्ध कराई, जिससे सही लक्ष्य तय करना संभव हुआ। इसके अलावा, साइबर और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध इकाइयों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया और सूचना पर नियंत्रण बनाए रखा। लेफ्टिनेंट जनरल घई ने बताया कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर माहौल संभालने के साथ-साथ देश के अंदर सुरक्षा और जनता का भरोसा बनाए रखा। वहीं, सशस्त्र बलों ने अनुशासन और सटीकता के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिससे किसी बड़े दुष्प्रभाव से बचा जा सका।

स्वदेशी हथियारों की बड़ी भूमिका

उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन में इस्तेमाल किए गए कई हथियार और तकनीक भारत में ही विकसित किए गए थे। इनमें मिसाइल, रॉकेट, सेंसर और इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम शामिल हैं। इन स्वदेशी उपकरणों ने न केवल सेना की ताकत बढ़ाई, बल्कि ऑपरेशन को तेजी और आत्मविश्वास के साथ पूरा करने में मदद की।

यह भी पढ़ें: आधी रात को ‘साधारण महिला’ बन बस स्टॉप पर खड़ी रहीं IPS बी. सुमति, 3 घंटे का सीक्रेट ऑपरेशन, 40 संदिग्ध धरे गए

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।