देश के सार्वजनिक क्षेत्र के दूसरे सबसे बड़े बैंक पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की मुंबई ब्रांच में 1.77 अरब डॉलर (करीब 11,330 करोड़ रुपये) का फर्जीवाड़ा पकड़ में आया है।
आपको बता दे कि बैंक के मुंबई ब्रांच में 1.77 बिलियन डॉलर यानी 113518950000.00 (एक खरब 13 अरब 51 करोड़ 89 लाख 50 हजार रुपये के फर्जी लेनदेन का खुलासा हुआ है। इस खुलासे के बाद शेयर बाजार में पीएनबी के शेयरों की कीमत में काफी गिरावट देखी गई।
इसमें बताया गया है कि यह फर्जी लेन-देन कुछ चुनिंदा खाताधारकों को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से की गई। हालांकि, बैंक ने इस फर्जीवाड़े में शामिल लोगों के नामों का खुलासा नहीं किया है, लेकिन बताया है कि इसकी जानकारी इनफोर्समेंट एजेंसियों को दे दी गई है।
इसके साथ ही बैंक ने बताया कि वह बाद में इस बात का आंकलन करेगा कि इन लेन-देन से उसकी कोई देनदारी तो नहीं बनती है।
बता दें कि पीएनबी पहले से ही इस तरह के अन्य फर्जीवाड़े की जांच कर रहा है। पिछले हफ्ते सीबीआई ने बयान जारी कर बताया था कि उसने पीएनबी की शिकायत पर अरबपति ज्वेलर नीरव मोदी के खिलाफ जांच शुरू की है।
पीएनबी ने नीरव मोदी व अन्य पर 4.4 करोड़ डॉलर के फर्जीवाड़े का आरोप लगाया था। फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि मौजूदा खुलासा इसी मामले से जुड़ा है या इससे अलग है।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



