देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 13,203 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,06,67,736 हो गई। वहीं संक्रमण से 131 और लोगों की मौत हुई, जो कि पिछले आठ महीने में सबसे कम है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने बताया कि देश में अब 1,84,182 मरीजों का उपचार चल रहा है, जो कि कुल मामलों का 1.73 फीसदी है। अब तक 1,03,30,084 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और स्वस्थ होने की दर 96.83 फीसदी है। वहीं 131 लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 1,53,470 हो गई और मृत्यु दर 1.4 फीसदी है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार 24 जनवरी तक कुल 19,23,37,117 नमूनों की जांच हुई, जिनमें से रविवार को 5,70,246 नमूनों की जांच हो चुकी है।
आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में 45 लोगों की मौत हुई। वहीं केरल में 20, दिल्ली में नौ और छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में आठ-आठ लोगों की मौत हुई। देश में संक्रमण की वजह से अब तक 1,53,470 लोगों की मौत हुई है, जिसमें से 50,785 लोगों की मौत महाराष्ट्र, इसके बाद तमिलनाडु में 12,316, कर्नाटक में 12,197, दिल्ली में 10,808, पश्चिम बंगाल में 10,115, उत्तर प्रदेश में 8,617 और आंध्र प्रदेश में 7,147 लोगों की मौत हुई।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



